शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, हाइपोथर्मिया से बचाव की एडवाइजरी जारी
छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 01:21:32 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 01:22:08 PM (IST)
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में आग जलाकर ठंड से राहत के लिए खड़े यात्री। नईद़ुनियाHighLights
- हाइपोथर्मिया के लक्षण दिखने पर तुरंत लें मदद
- अस्पतालों व रैन बसेरों में इंतजाम के निर्देश
- गर्म कपड़े पहनें और अंगीठी जलाकर न सोएं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिसंबर और जनवरी में संभावित शीतलहर को देखते हुए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें ठंड से बचाव के साथ हाइपोथर्मिया और शीतदंश के लक्षणों को पहचानने की सलाह दी गई है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
हाईपोथर्मिया के लक्षण पहचानें
अत्यधिक कंपकंपी, थकान, बोलने में कठिनाई, भ्रम, सुस्ती और सांस धीमी होना हाईपोथर्मिया के संकेत हैं। ऐसी स्थिति में व्यक्ति को गर्म स्थान पर ले जाकर सूखे कपड़े और कंबल से ढकें तथा तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।
अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कालेजों, सीएमएचओ और सिविल सर्जनों को ठंड से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए दवाएं और संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। रैन बसेरों में कंबल, गर्म कपड़े और ताप व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
ठंड से बचने के लिए अपनाएं यह उपाय
- कई परतों में गर्म कपड़े पहनें।
- सिर, कान और पैरों को ढककर रखें।
- गर्म पेय व पर्याप्त पानी का सेवन करें।
- गीले कपड़े तत्काल बदलें।
- बुजुर्गों और बच्चों का ध्यान रखें।
- बंद कमरे में अंगीठी जलाकर न सोएं।
- ठंडी हवाओं के संपर्क से बचें।