मुरैना प्रभारी बीईओ नियुक्ति आदेश हाई कोर्ट ने किया निरस्त, रिटायरमेंट तक वरिष्ठ प्राचार्य को मिला प्रभार
कोर्ट ने कैबिनेट मंत्री की सिफारिश पर जूनियर प्राचार्य को प्रभारी बीईओ बनाने का आदेश निरस्त करते हुए पूर्व से प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ प्राचार्य राजेंद्र सिंह सिकरवार को 31 दिसंबर 2026 तक फिर से बीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपने के निर्देश दिए हैं।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 10:13:12 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 10:13:38 AM (IST)
HighLights
- वरिष्ठता सूची में 383वें स्थान पर याचिकाकर्ता
- मंत्री के निर्देश वाली नोटशीट पर कोर्ट की टिप्पणी
- 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होंगे राजेंद्र सिकरवार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरैना विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के प्रभार को लेकर दायर याचिका पर हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कैबिनेट मंत्री की सिफारिश पर जूनियर प्राचार्य को प्रभारी बीईओ बनाने का आदेश निरस्त करते हुए पूर्व से प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ प्राचार्य राजेंद्र सिंह सिकरवार को 31 दिसंबर 2026 तक फिर से बीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपने के निर्देश दिए हैं। याचिकाकर्ता इसी दिन सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
किसी कर्मचारी को अतिरिक्त प्रभार पर बने रहने का पूर्ण अधिकार नहीं है
न्यायमूर्ति आनंद सिंह बहरावत की एकलपीठ ने सोमवार को दिए फैसले में कहा कि किसी कर्मचारी को अतिरिक्त प्रभार पर बने रहने का पूर्ण अधिकार नहीं है, लेकिन राज्य सरकार प्रशासनिक अधिकारों का इस्तेमाल मनमाने ढंग से नहीं कर सकती। हर प्रशासनिक निर्णय निष्पक्ष, तर्कसंगत और गैर-मनमाना होना चाहिए।
मामले के अनुसार मुरैना बीईओ का पद तत्कालीन अधिकारी श्याम सिंह तोमर की असमर्थता जताने के बाद रिक्त हुआ था।
इसके बाद 20 मई 2026 को कलेक्टर की अनुमति से वरिष्ठ प्राचार्य राजेंद्र सिंह सिकरवार को अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। हालांकि 30 जून 2026 को शासन ने उनके स्थान पर प्राचार्य हरेंद्र सिंह को प्रभारी बीईओ नियुक्त कर दिया। याचिका में बताया गया कि वरिष्ठता सूची में राजेंद्र सिंह सिकरवार 383वें स्थान पर हैं, जबकि प्रतिवादी प्राचार्य 911वें स्थान पर हैं।
विभागीय निर्देशों के अनुसार देना था प्रभार
विभागीय निर्देशों के अनुसार संबंधित विकासखंड में वरिष्ठतम प्राचार्य को बीईओ का प्रभार दिया जाना था। हाई कोर्ट ने भी माना कि उपलब्ध वरिष्ठता सूची में याचिकाकर्ता प्रतिवादी से वरिष्ठ हैं और शासन ऐसा कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे जूनियर अधिकारी को प्राथमिकता देने का औचित्य साबित हो।
कोर्ट ने नोटशीट का किया परीक्षण
कोर्ट ने आदेश जारी करने से संबंधित नोटशीट का परीक्षण भी किया। इसमें विभागीय अधिकारियों की ओर से प्रतिवादी को प्रभार देने का कोई प्रस्ताव नहीं मिला। नोटशीट के बिंदु 19 में कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह के निर्देश पर नियुक्ति आदेश जारी करने का उल्लेख था। कोर्ट ने कहा कि प्रशासनिक आवश्यकता का सामान्य हवाला पर्याप्त नहीं है।
जब पहले से कार्यरत अधिकारी को हटाकर जूनियर को प्रभार दिया जा रहा हो, तो इसके पीछे उचित प्रशासनिक कारण होना चाहिए। कोर्ट ने 30 जून का आदेश निरस्त करते हुए राजेंद्र सिकरवार को मुरैना बीईओ का अतिरिक्त प्रभार बहाल करने के निर्देश दिए हैं।