अवैध यूनिपोल-होर्डिंग्स पर कोर्ट सख्त... 15 दिन में हटाने का अल्टीमेटम, अफसरों पर भी गिरेगी गाज !
नगर निगम की ओर से प्रस्तुत अनुपालन रिपोर्ट में बताया गया कि आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया है कि कई यूनिपोल और होर्डिंग्स मध्यप्रदेश आउटडोर एडवरटाइजमेंट मीडिया नियम, 2017 तथा अन्य वैधानिक प्रविधानों के विपरीत लगाए गए हैं।
Publish Date: Tue, 30 Jun 2026 11:39:06 AM (IST)Updated Date: Tue, 30 Jun 2026 11:47:07 AM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- कोर्ट ने कहा, जिम्मेदार अफसरों पर हो कार्रवाई
- ट्रैफिक सिग्नल छुपाने वाले होर्डिंग्स भी हटेंगे
- 17 जुलाई को अगली सुनवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने शहर में नियम विरुद्ध लगाए गए यूनिपोल और होर्डिंग्स के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम को 15 दिन के भीतर व्यापक कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अवैध यूनिपोल-होर्डिंग्स हटाने के साथ-साथ उन्हें लगाने की अनुमति देने वाले अधिकारियों और बिना अनुमति इन्हें स्थापित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
युगलपीठ ने जनहित याचिका पर की सुनवाई
सोमवार को न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया एवं न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र यादव की युगलपीठ ने राम सक्सेना की जनहित याचिका पर सुनवाई की। नगर निगम की ओर से प्रस्तुत अनुपालन रिपोर्ट में बताया गया कि आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया है कि कई यूनिपोल और होर्डिंग्स मध्यप्रदेश आउटडोर एडवरटाइजमेंट मीडिया नियम, 2017 तथा अन्य वैधानिक प्रविधानों के विपरीत लगाए गए हैं। इन्हें हटाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर निगम की ओर से अदालत को आश्वस्त किया गया कि दो सप्ताह के भीतर सभी अवैध यूनिपोल और होर्डिंग्स हटाकर कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
कुछ स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल दिखाई नहीं देते स्पष्ट
साथ ही भविष्य में किसी भी परिस्थिति में ग्वालियर शहर में नियमों के विपरीत किसी प्रकार के यूनिपोल या होर्डिंग्स प्रदर्शित नहीं होने दिए जाएंगे। हाई कोर्ट ने नगर निगम को निर्देश दिया कि अगली अनुपालन रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से बताया जाए कि कितने यूनिपोल और होर्डिंग्स हटाए गए, किन अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की अनुमति देने पर कार्रवाई शुरू की गई तथा अवैध रूप से इन्हें स्थापित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध क्या कदम उठाए गए। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से यह भी बताया गया कि शहर के कुछ स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है।
इस पर हाई कोर्ट ने नगर निगम को निर्देश दिया कि सभी ट्रैफिक सिग्नलों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वे सड़क उपयोगकर्ताओं को स्पष्ट रूप से दिखाई दें। यदि किसी निर्माण या अन्य कारण से सिग्नल दिखाई नहीं दे रहे हों तो उनकी ऊंचाई बढ़ाने अथवा उन्हें उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए। मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी, जब नगर निगम को विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।