MP में ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटरों की होगी जांच, प्रदेशभर के आरटीओ सात दिन में सौंपेंगे रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में कुल 40 ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर हैं यहां कितने ढंग से फिटनेस हो रही है यह रिपोर्ट में सामने आएगा।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 02:12:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 02:12:51 PM (IST)
HighLights
- तीन माह का निकलेगा डाटा
- हादसों के बाद बड़ा फैसला
- ग्वालियर हादसे की तकनीकी जांच
वरुण शर्मा, नईदुनिया, ग्वालियर। प्रदेशभर के आरटीओ अब सात दिन में यह रिपोर्ट देंगे कि उनके जिलों में स्थित ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटरों पर वाहनों की फिटनेस कितनी नियम कायदों से हो रही है। पिछले तीन माह के वाहनों का डाटा निकालकर रिपोर्ट हर जिले में तैयार की जाएगी।
मप्र का परिवहन विभाग यह पूरी कवायद करा रहा है, क्योंकि प्रदेश में होने वाले हादसों में वाहनों के फिट होने के बाद भी या अनफिट वाहन से हादसा होना सामने आता है।
प्रदेश में हैं 40 ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर
प्रदेश में कुल 40 ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर हैं यहां कितने ढंग से फिटनेस हो रही है यह रिपोर्ट में सामने आएगा। ताल में ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के गेट पर ट्रक ने 16 लोगों को रौंद दिया और सभी की मौत हो गई। वहीं 42 लोग घायल हुए।
इस मामले में जांच में सामने आया कि ट्रक की फिटनेस ओके थी लेकिन इसके बाद भी ब्रेक प्रेशर लीक प्राथमिक रिपोर्ट में सामने आया है।
इससे यह भी संकेत हैं कि फिट ट्रक भी अचानक तकनीकी रूप से खराब सामने आया यह कैसे हुआ। इसके अलावा अन्य हादसों का ब्यौरा भी लिया गया है।
दलाल तंत्र को खत्म करने विभाग उठाया कदम
बता दें कि पहले आरटीओ कार्यालय पर ही फिटनेस वाहन की हो जाती थी लेकिन अब यह व्यवस्था निजी हाथों में दे दी गई है और ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर खोले गए हैं। दलाल तंत्र को खत्म करने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऐसा विभाग ने किया है। ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर ग्वालियर, भोपाल, इंदौर और जबलपुर में पहले शुरू किए गए इसके बाद इनकी संख्या बढ़ाई गई और जिन जिलों में नहीं है वे नजदीकी सेंटरों पर वाहन की फिटनेस करते हैं।
इन फिटनेस सेंटरों पर परिवहन विभाग की ओर से कोई निगरानी भी नहीं की जाती है परिवहन विभाग पर सिर्फ सूची आती है। यही कारण है कि सेंटरों पर होने वाली प्रक्रिया का सीधे परिवहन विभाग को पता नहीं चलता है।
शीतला हादसे में भी चल रही ट्रक की तकनीकी जांच
ग्वालियर में पिछले माह हुए शीतला माता मंदिर पर ट्रक हादसे की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। ट्रक ने मंदिर के गेट पर ढलान से नो एंट्री में घुसकर 16 लोगों को रौंद दिया था। इस मामले में पीएचक्यू और परिवहन विभाग की ओर से तकनीकी जांच कराई जा रही है इसमें प्रेशर ब्रेक फेल होने की जानकारी प्राथमिक रूप से सामने आई जबकि परिवहन विभाग की जांच में ट्रक के चालक के पास फिटनेस सर्टिफिकेट वैध मिला।