
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पसंद की रील देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। गुस्साए पति ने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। घटना सोमवार रात बड़ा गेट, कांच मिल क्षेत्र की है। सिर, गर्दन और घुटने पर चोट लगने से घायल महिला ने किसी तरह पड़ोसी के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। पड़ोसियों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
घायल रेवती उर्फ रीतू तोमर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह बच्चों के साथ भगवान श्रीराम की रील देख रही थी। इसी दौरान पति करनवीर सिंह उर्फ करू तोमर घर पहुंचे। उन्होंने महाकाल की रील लगाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। रीतू के अनुसार, गुस्से में उसके यह कहने पर कि वह ऐसे पति के साथ नहीं रह सकती, विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि पति मंदिर में रखी पूजा की तलवार उठा लाए और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन्होंने तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला के सिर, गर्दन और घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के समय महिला का बड़ा बेटा और सास भी घर में मौजूद थे।
अचानक हुए हमले से घबराई महिला बचने के लिए पड़ोसी के घर में घुस गई और दरवाजा बंद कर लिया। शोर सुनकर अन्य पड़ोसी भी वहां पहुंच गए। पड़ोसियों ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर हजीरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर देहाती नालिसी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपित पति करनवीर सिंह उर्फ करू तोमर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद केवल रील देखने को लेकर हुआ या पति-पत्नी के बीच पहले से कोई तनाव चल रहा था। फिलहाल आरोपित फरार है और पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है।