ग्वालियर में सनसनीखेज वारदात: रंजिश में कारोबारी की कार पर फायरिंग, स्कूटी सवार बदमाशों ने कांच तोड़कर चलाई गोली
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 07:49:01 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 07:49:37 PM (IST)
HighLights
- स्कूटी सवार बदमाशों ने कार का पीछा कर की फायरिंग
- जिम में हुए पुराने विवाद के चलते हमला
- सिरोल पुलिस सीसीटीवी के आधार पर तलाश में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के सिरोल थाना क्षेत्र में मॉडल टाउन और एमके सिटी के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का पीछा कर उस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली कार के बगल से निकल गई, जिससे कारोबारी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक दोस्त से मिलकर पजेरो कार से लौट रहे थे मनकरन
सिरोल स्थित ब्लू लोटस सोसायटी में रहने वाले मनकरन सिंह सरदार ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलकर पजेरो कार से लौट रहे थे। जब वे अलकापुरी सिटी सेंटर से एमके सिटी होते हुए सिरोल की तरफ जा रहे थे, तभी एक काली स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। एमके सिटी रोड के पास पहुंचते ही बदमाशों ने कार को ओवरटेक किया और ड्राइविंग सीट की तरफ का कांच पिस्टल के बट से तोड़ दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन पर फायर करने की कोशिश की।
जान बचाने बढ़ा दी कार की रफ्तार
अपनी जान बचाने के लिए मनकरन ने कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद बदमाशों ने चलती कार पर पीछे से फायरिंग कर दी। गोली कार के बगल से गुजर गई। इसके बाद अलापुर तिराहे पर भी आरोपियों ने उन्हें घेरने और गोली चलाने का दोबारा प्रयास किया, लेकिन किसी तरह मनकरन वहां से बचकर निकल गए।
जिम में हुआ था झगड़ा
पीड़ित कारोबारी ने एक बदमाश की पहचान अभिषेक शर्मा उर्फ बेटू पंडित के रूप में की है, जबकि दूसरा आरोपी काली-सफेद चेक शर्ट पहने हुए था। मनकरन के मुताबिक, मार्च में जिम में अभिषेक के साथ उनका विवाद हुआ था, तभी से वह उनसे रंजिश रख रहा था और अपने दोस्तों के जरिए उन्हें लगातार धमकियां भी दिलवा रहा था। डर के कारण पीड़ित ने घटना के अगले दिन सिरोल थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
सिरोल थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार बदमाशों द्वारा कारोबारी पर पिस्टल तानकर फायरिंग करने की घटना सामने आई है। घटना सीसीटीवी कैमरे में नजर आई है। पड़ताल की जा रही है। - रवि भदौरिया, सीएसपी