ग्वालियर में सिर पर गंदे पानी का कैंपर रखकर जनसुनवाई पहुंचे पूर्व पार्षद, बोले- यह कैसी स्वच्छ सिटी नंबर वन?
पूर्व पार्षद ने सवाल उठाया कि जब शहर को स्वच्छता में नंबर वन का तमगा मिला है, तो लोगों को साफ पानी क्यों नहीं मिल रहा है?
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 01:53:25 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 01:53:49 PM (IST)
वायरल वीडियो से लिए गए चित्र।HighLights
- सिर पर कैंपर रखकर पहुंचे पूर्व पार्षद
- ढोलक-मजीरे के साथ किया अनूठा विरोध
- निगम की पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति पर सवाल उठाते हुए मंगलवार को एक पूर्व पार्षद अनूठे अंदाज में जनसुनवाई में पहुंचा। वार्ड क्रमांक-27 के पूर्व पार्षद बृजेश गुप्ता गंदे पानी से भरा 20 लीटर का कैंपर सिर पर रखकर नगर निगम के अधिकारियों के सामने पहुंच गए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर को स्वच्छता में नंबर वन का तमगा मिला है, तो लोगों को साफ पानी क्यों नहीं मिल रहा है?
गले में गंदे पानी की बोतलें भी लटका रखी थीं
इस दौरान बृजेश गुप्ता ने गले में गंदे पानी की बोतलें भी लटका रखी थीं। उनके हाथ में ढोलक और मजीरा भी था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह गंदे पानी को दिखाते हुए नगर निगम की पेयजल व्यवस्था पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि पिछले सप्ताह ही ग्वालियर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में पहला स्थान मिलने का दावा किया गया था। ऐसे में पूर्व पार्षद का यह विरोध नगर निगम की स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।