दुष्कर्म केस में राजीनामा कर रचाई शादी, फिर पत्नी का सिर दीवार में पटककर की बेरहमी से हत्या
आरोपी इमरान ने बताया कि रूखसार शराब पीने की आदी थी। वह घर पर खाना तक नहीं बनाती थी। इससे झगड़े होने लगे। जिस दिन हत्या की उस दिन भी खाना नहीं बनाया था।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 08:22:00 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 08:22:32 AM (IST)
HighLights
- शादी के बाद से ही रच रहा था हत्या की साजिश
- गिरने की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के जनकगंज क्षेत्र में एक महिला की उसके ही पति से बेरहमी से हत्या कर डाली। महिला के साथ उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए थे, जिसके चलते उस पर दुष्कर्म की एफआइआर भी दर्ज कराई थी। जब जेल चला गया तो उसने महिला से शादी करने की बात कही और राजीनामा कर लिया। जेल से निकलने के बाद शादी कर ली। कई दिनों से वह महिला की हत्या करने की साजिश कर रहा था।
नशे में पत्नी का सिर 10 बार दीवार में मारा
शराब के नशे में आखिर उसने पत्नी का सिर 10 बार दीवार में मारा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद पत्नी को शराब के नशे में गिरना बताकर पुलिस को गुमराह भी कर दिया। लेकिन उसका जुर्म छिप नहीं सका। महिला की मौत के नौ दिन बाद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो कत्ल का राज खुल गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
मामला जनकगंज इलाके का, रूखसार कमरने में मृत हालत में मिली
जनकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत तारागंज स्थित नालबंदों का मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय रूखसार पत्नी इमरान खान दस नवंबर की सुबह अपने कमरे में मृत हालत में मिली थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। उसके पति इमरान खान ने पुलिस को बताया था कि वह शराब पीने की आदी थी। शराब के नशे में गिर गई, इससे उसके सिर में चोट लगी और उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर अन्य जगह भी चोट के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम किया। गुरुवार को जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो सामने आया कि उसकी हत्या की गई थी। मारपीट में उसे चोट लगी और उसका सिर जानबूझकर किसी दीवार में मारा गया।
रूखसार इमरान की तीसरी पत्नी थी
पुलिस ने जब पड़ताल की तो सामने आया कि रूखसार इमरान की तीसरी पत्नी थी। रूखसार ने ही उस पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराई थी। फिर शादी हो गई तो राजीनामा कर लिया। इसके बाद जब इमरान से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार किया। उसने कहा कि दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भिजवाया था। इसलिए हत्या करने की तैयारी उसी दिन कर ली थी, जब मजबूरी में शादी की थी। नौ नवंबर की रात शराब पीकर घर आया था। इस दौरान रुखसार भी शराब के नशे में थी। मुंहवाद हुआ तो उसने मारपीट की और सिर दीवार में दे मारा।
शराब पीती थी, खाना तक नहीं बनाती थी
आरोपी इमरान ने बताया कि रूखसार शराब पीने की आदी थी। वह घर पर खाना तक नहीं बनाती थी। इससे झगड़े होने लगे। जिस दिन हत्या की उस दिन भी खाना नहीं बनाया था।
- इमरान ने तीसरी शादी की थी: आरोपी ने रूखसार से तीसरी शादी की थी। जब उस पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ तो दूसरी पत्नी को तलाक दिया था। फिर इससे शादी कर ली थी। वह तीसरी शादी से खुश नहीं था।
- रातभर लाश के साथ रहा: आरोपी रातभर लाश के पास रहा और यहां भी शराब पीता रहा। यह उसने पूछताछ में बताया है।
हत्या के मामले में आरोपी पकड़ा गया है। उसने पत्नी की हत्या कर दी थी। इसी महिला ने उस पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। राजीनामा कर शादी की थी। तभी से हत्या की योजना बना रहा था। - प्रवीण शर्मा, थाना प्रभारी, जनकगंज