दहेज में 14 लाख खर्च के बाद भी 5 लाख की मांग; बहू को किया बेघर
ये मामला है बानमोर, मुरैना की 24 वर्षीय ज्योति मंडेलिया का।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 08:14:53 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 08:15:14 AM (IST)
HighLights
- ससुराल में प्रताड़ना और मारपीट
- पांच लाख नहीं मिलने पर निकाला
- पति, सास और जेठ पर FIR दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बेटी की खुशियों के लिए पिता ने शादी में 14 लाख रुपए खर्च कर दिए। जेवर दिए, बाइक दी, गृहस्थी का सारा सामान दिया और डेढ़ लाख रुपये नकद भी दिए। लेकिन ससुराल वालों की दहेज की भूख फिर भी नहीं मिटी।
पांच लाख रुपये और चाहिए थे। नहीं मिले तो बहू पर जुल्मों की ऐसी बरसात हुई कि उसे घर छोड़कर मायके में शरण लेनी पड़ी। गोला का मंदिर में महिला का ससुराल है। इसके चलते पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
ज्योति की शादी पिछले साल हुई थी बानमोर के दीपक से
यह दर्दनाक कहानी है बानमोर, मुरैना की 24 वर्षीय ज्योति मंडेलिया की। ज्योति की शादी 18 जनवरी 2025 को दीपक कौशल से हुई थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक चला, फिर पति दीपक, सास इंद्रा कौशल और जेठ नीरज कौशल का असली चेहरा सामने आ गया। यह लोग दहेज की मांग के लिए परेशान करने लगे।
नौकरानी की तरह रखा, रोज ताने दिए
ज्योति का आरोप है कि ससुराल वाले उसे नौकरानी की तरह रखते थे। हर रोज मायके से पांच लाख रुपये लाने के लिए ताने देते थे। मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट करते थे।