ग्वालियर में 63 साल की मां ने दी किडनी, 35 साल के बेटे को मिला नया जीवन, दूसरा ट्रांसप्लांट सफल
मरीज का बीपी लगातार बढ़ने से ऑपरेशन में दिक्कत आई, लेकिन जटिल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 08:46:14 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 08:46:40 AM (IST)
ऑपरेशन करती टीम और मां उर्मिला बेटा लेखराज गौड़। सौजन्य: जीआरएमसीHighLights
- साढ़े छह घंटे चली जटिल सर्जरी
- आयुष्मान योजना से निश्शुल्क हुआ इलाज
- जीआरएमसी सुपर स्पेशियलिटी का दूसरा ट्रांसप्लांट
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीआरएमसी के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शनिवार को दूसरा सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। मुरार की अशोक कॉलोनी निवासी लेखराज गौड़ (35) की दोनों किडनियां खराब हो गई थीं। ऐसे में उनकी मां उर्मिला गौड़ (63) ने अपनी किडनी दान कर उसे नया जीवन दिया। दिल्ली के यूरोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के विशेषज्ञों के साथ मिलकर यह ट्रांसप्लांट किया।
मां-बेटे को एक दिन पहले कराया था अस्पताल में भर्ती
सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मां-बेटे को 20 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार दोपहर 12 बजे चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी शुरू की। मरीज का बीपी लगातार बढ़ने से ऑपरेशन में दिक्कत आई, लेकिन जटिल परिस्थितियों के बावजूद टीम ने सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की।
ऑपरेशनल में लगा 6 घंटे का समय
साढ़े छह घंटे चले ऑपरेशन के बाद उर्मिला की किडनी लेखराज के शरीर में प्रत्यारोपित कर दी गई। नई किडनी लगने के बाद लेखराज को यूरिन होने लगी, जिसे चिकित्सक किडनी के ठीक से काम करने का अच्छा संकेत मान रहे हैं। पूरी प्रक्रिया आयुष्मान योजना के तहत निश्शुल्क हुई। मां की किडनी दूरबीन पद्धति से निकाली गई, जबकि बेटे के पेट में चीरा लगाकर उसका प्रत्यारोपण किया गया। लेखराज को करीब 15 से 20 टांके आए हैं। उर्मिला को आईसीयू और लेखराज को विशेष ट्रांसप्लांट यूनिट में रखा गया है। दोनों की स्थिति स्थिर है।
यह टीम रही सर्जरी में शामिल
सर्जरी टीम में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की प्रभारी अधीक्षक एवं एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. नीलिमा टंडन, नेफ्रोलॉजिस्ट, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. शिवम यादव, यूरोलॉजिस्ट डॉ. उदित मिश्रा, डॉ. संजय पाराशर, किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट के इंचार्ज ऑफिसर डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, नर्सिंग आफिसर, मेल नर्सिंग ऑफिसर और एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सक शामिल थे।
संक्रमण से बचाव के लिए एंटी-थाइमोसाइट ग्लोबुलिन इंजेक्शन
किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवम यादव ने बताया कि नई किडनी काम करने लगी है और मरीज को यूरिन हो रही है। संक्रमण रोकने के लिए एंटी-थाइमोसाइट ग्लोबुलिन इंजेक्शन दिए गए हैं। मरीज को सात से दस दिन निगरानी में रखने के बाद छुट्टी दी जा सकेगी। ट्रांसप्लांट मरीजों के लिए अलग आईसीयू बनाया गया है। सेंट्रलाइज्ड एसी के अलावा वहां अलग एसी भी लगाया गया है। डॉक्टर और अधिकृत स्टाफ के अलावा किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सात दिन तक डॉक्टरों की राउंड-द-क्लॉक ड्यूटी रहेगी।
भाई ने कहा, उम्मीद हार गए थे, पर मां ने बचा ली जान
लेखराज के छोटे भाई दीपू गौड़ ने बताया, भाई की दोनों किडनियां खराब होने का पता चला तो हम उम्मीद हार गए थे। डॉ. यादव ने ट्रांसप्लांट की सलाह दी और मां किडनी देने के लिए तैयार हो गईं। ऑपरेशन में कोई परेशानी नहीं आई। डॉक्टरों के प्रयास और मां की किडनी से भाई को नया जीवन मिला। इलाज का खर्च भी हम पर नहीं आया, क्योंकि पूरी प्रक्रिया आयुष्मान योजना के तहत हुई। दीपू ने बताया कि एक साल पहले लेखराज की किडनी खराब होने की शिकायत सामने आई थी। परिवार उपचार के लिए एम्स दिल्ली गया, जहां ऑपरेशन के लिए आठ माह का इंतजार करना पड़ रहा था। यहां ढाई माह में सर्जरी हो गई।
30 अगस्त को हुआ था पहला किडनी ट्रांसप्लांट
30 अगस्त को छतरपुर निवासी 55 वर्षीय मीना गुप्ता ने अपने 60 वर्षीय पति कृष्णकांत गुप्ता को जीवनदान देने के लिए एक किडनी दान की थी। यह अस्पताल का पहला किडनी ट्रांसप्लांट था। डोनर मीना को सर्जरी से एक दिन पहले भर्ती कराया गया था। इससे पहले जरूरी मेडिकल ट्रीटमेंट, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और ट्रांसप्लांट से जुड़ी सभी कानूनी व चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूरी की गईं।