ग्वालियर में कमीशन के लालच में सौंपा म्यूल खाता, भिंड के हर्ष गोयल पर केस
पुलिस अब इस म्यूल खाते के जरिए किए गए संदिग्ध लेनदेन और अगले स्तर के खातों की पड़ताल में जुटी है।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 02:31:24 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 02:32:16 PM (IST)
HighLights
- ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में हुई कार्रवाई
- देशभर की 11 शिकायतों से मिला लिंक
- लेयर-2 व 3 खातों में ट्रांसफर होती थी रकम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, सिम कार्ड और यूपीआई आईडी साइबर ठगों के हवाले करने वाले खाताधारक के खिलाफ गोला का मंदिर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत की गई
आरोपी भिंड का रहने वाला है। यह कार्रवाई ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत की गई है। पुलिस अब इस म्यूल खाते के जरिए किए गए संदिग्ध लेनदेन और अगले स्तर के खातों की पड़ताल में जुटी है।
जांच में बैंक खाता निकला भिंड के हर्ष गोयल का
साइबर वित्तीय अपराधों में इस्तेमाल हो रहे संदिग्ध म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई के लिए राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से सूची प्राप्त हुई थी। इस सूची के आधार पर गोला का मंदिर स्थित इंडियन बैंक की शाखा के खाता क्रमांक 7933901607 से जुड़े केवाईसी दस्तावेज, खाता खोलने के कागजात और बैंक स्टेटमेंट मंगवाकर तकनीकी व वित्तीय विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि यह बैंक खाता भिंड में गोहद के सदर बाजार निवासी 31 वर्षीय हर्ष गोयल पुत्र अशोक कुमार गोयल के नाम से है। हर्ष गोयल ने ही अपना बैंक खाता साइबर ठगों को बेचा। ठगी की रकम आने के बाद आगे रकम ट्रांसफर हो जाती थी। जितना पैसा उसके खाते में आता था, उसके एवज में उसे कमीशन मिलता था।
देशभर में 11 वारदातों से जुड़े खाते के तार
पुलिस ने जब बैंक स्टेटमेंट का मिलान नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और समन्वय पोर्टल के डाटा से किया, तब चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रिकार्ड के मुताबिक 29 दिसंबर 2024 से 6 अप्रैल 2025 के बीच इस खाते में देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों के साइबर ठगी की रकम जमा हुई है। पोर्टल पर इस खाते के खिलाफ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की 11 अलग-अलग शिकायतें दर्ज होना पाई गई हैं।
रकम आते ही लेयर-2 व 3 खातों में होती थी ट्रांसफर
बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल में सामने आया है कि खाते में किसी तरह की नियमित आय या सामान्य व्यक्तिगत खर्च का कोई व्यवहार नहीं है। खाते में जितनी राशि क्रेडिट होती थी, लगभग उतनी ही राशि एक निश्चित समय-पैटर्न के भीतर तत्काल अगले स्तर यानी लेयर-2 और लेयर-3 के खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी या फिर एटीएम व यूपीआई के माध्यम से निकाल ली जाती थी।