डॉक्टर कर रहे थे ब्रेन की सर्जरी, मरीज गा रहा था- पल पल दिल के पास तुम रहती हो...
मरीज के दिमाग से ट्यूमर निकालने के लिए सवा घंटे तक सर्जरी चली।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 08:34:12 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 08:45:43 AM (IST)
ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की टीम व मरीज। नईदुनियाHighLights
- दिमाग के संवेदनशील हिस्से में था ट्यूमर
- अवेक क्रेनियोटामी से हुई सफल सर्जरी
- ऑपरेशन के बाद मरीज की सेहत में सुधार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिमाग का ऑपरेशन हो और मरीज पूरी तरह जागृत अवस्था में रहे, डॉक्टरों से बातचीत करे और अपना पसंदीदा गाना भी गाता रहे। सुनने में यह किसी फिल्मी दृश्य जैसा लग सकता है, लेकिन शहर के एक निजी अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ. अमित श्रीवास्तव ने आधुनिक चिकित्सा तकनीक की मदद से ऐसा ही जटिल आपरेशन किया। मरीज के दिमाग से ट्यूमर निकालने के लिए सवा घंटे तक सर्जरी चली।
इस दौरान मरीज अपना पसंदीदा पल-पल दिल के पास गाना गाता रहा और डॉक्टर ट्यूमर निकालने के साथ उसकी बोलने और हाथ-पैरों की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। ग्वालियर किला गेट निवासी 45 वर्षीय मरीज का ऑपरेशन सफल रहा।
पैराइटल रीजन में मेनिंजियोमा नाम का था ट्यूमर
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज के दिमाग के बाएं हिस्से के पैराइटल रीजन में मेनिंजियोमा नाम का ट्यूमर था। इसके कारण उसके दाएं हाथ और पैर में कमजोरी आ गई थी। जांच में ट्यूमर की स्थिति ऐसी जगह मिली, जिसके आसपास शरीर के हाथ-पैर चलाने और बोलने की क्षमता नियंत्रित करने वाले महत्वपूर्ण हिस्से मौजूद थे। ऐसे में सामान्य तरीके से आपरेशन करने पर इन क्षमताओं को नुकसान पहुंचने का खतरा था।
गाते हुए मरीज की गतिविधियों पर रखते रहे नजर
डॉक्टरों ने इसके लिए अवेक क्रेनियोटामी तकनीक अपनाई। इसमें मरीज को ऑपरेशन के दौरान जागृत रखा जाता है, ताकि सर्जरी के बीच उसकी भाषा, शारीरिक गतिविधियों और प्रतिक्रिया की लगातार जांच की जा सके। ऑपरेशन के दौरान मरीज से बातचीत की गई, हाथ उठाने को कहा गया। इस बीच मरीज ने अपना पसंदीदा गाना गाया। इससे डॉक्टरों को यह समझने में मदद मिली कि ट्यूमर निकालते समय बोलने और हाथ-पैरों की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्से सुरक्षित हैं।
आपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार सर्जरी के दौरान मरीज की भाषा संबंधी क्षमता और हाथ-पैरों की ताकत में कोई नई कमी नहीं आई। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की टीम भी शामिल रही। सर्जरी के बाद मरीज के स्वास्थ्य में सुधार है।