फॉलोअर्स के लिए एडिट किया वीडियो, कांस्टेबल को दिखाया रिश्वतखोर, सच खुला तो घुटनों पर आकर मांगी माफी
जांच में वीडियो की सच्चाई सामने आई तो युवक की सारी होशियारी धरी रह गई।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:44:39 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:45:11 AM (IST)
HighLights
- हिडन कैमरे से बनाया था वीडियो
- जुर्माने की रसीद वाला हिस्सा काटा
- सच्चाई सामने आते ही मांगी माफी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इंटरनेट मीडिया पर व्यूज और फालोअर्स बढ़ाने की चाह में एक युवक ने ऐसा वीडियो वायरल कर दिया, जिससे यातायात पुलिस के एक आरक्षक की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया। हालांकि जांच में वीडियो की सच्चाई सामने आई तो युवक की सारी होशियारी धरी रह गई।
अपनी करतूत उजागर होने पर उसे घुटनों के बल बैठकर माफी मांगनी पड़ी। मामला झांसी रोड स्थित यातायात थाने का है।
चश्मे में लगे हिडन कैमरे से वीडियो शूट किया था युवक ने
युवक ने चश्मे में लगे हिडन कैमरे से वीडियो शूट किया था। इसके बाद उसने वीडियो को इस तरह एडिट किया कि देखने वालों को लगे कि आरक्षक वाहन छोड़ने के बदले रुपये ले रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद आरक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए रिश्वत लेने से इनकार किया। पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और वाहन नंबर के आधार पर संबंधित युवक को बुलाया।
पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए वीडियो के साथ छेड़छाड़ की थी। उसने उस हिस्से को एडिट कर हटा दिया था, जिसमें आरक्षक 100 रुपये वापस कर रहा था और 200 रुपये जुर्माने की रसीद दे रहा था।