अमित मिश्रा, नईदुनिया, ग्वालियर। जमीनों के झगड़े अब रिश्तों और कानून व्यवस्था पर भारी पड़ने लगे हैं। जमीनों की रंजिश जानलेवा बन चुकी है। पिछले छह महीनों के आपराधिक आंकड़ों पर गौर करें, तो ग्वालियर शहर में हुई हत्या और हत्या के प्रयास (जानलेवा हमले) जैसी सनसनीखेज वारदातों के पीछे सबसे बड़ा कारण जमीन का विवाद ही सामने आया है। जमीन के झगड़े में ही हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट की करीब 48 घटनाएं हुई हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन खूनी संघर्षों के पीछे पुलिस और प्रशासन के जिम्मेदारों की अनदेखी और ढुलमुल रवैया भी एक बड़ी वजह बनकर उभरा है।
शिकायतों के अंबार, लेकिन कार्रवाई शून्य-धोखेबाज भू-माफिया पर तो FIR ही बंद
ग्वालियर के थानों से लेकर कलेक्ट्रेट और तहसील कार्यालयों तक रोजाना जमीनों पर कब्जे, फर्जी रजिस्ट्री और सीमांकन विवाद की दर्जनों शिकायतें पहुंच रही हैं। पीड़ित पक्ष महीनों तक पुलिस और राजस्व विभाग के चक्कर काटता रहता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इन शिकायतों को 'सिविल मामला' बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं या गंभीरता से नहीं लेते। समय पर विवाद का निपटारा न होने से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ता जाता है, जो अंततः खूनी संघर्ष और हत्या जैसी वारदातों में तब्दील हो जाता है। ग्वालियर में धोखेबाज भू-माफिया पर तो FIR होना ही बंद हो गई। जबकि पूर्व में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने जैसी धाराओं में FIR दर्ज होती थी तो पीड़ितों को न्याय मिल जाता था।
कोर्ट के हस्तक्षेप पर ही FIR
ग्वालियर ऐसा जिला है, जहां ऐसे धोखेबाज भू-माफियाओं को FIR न होने से सबसे ज्यादा फायदा हो रहा है। यह लोग एक-एक प्लाट की दो से तीन तक रजिस्ट्री कर रहे हैं। लेकिन ग्वालियर में इन पर सीधे पुलिस FIR नहीं करती। कोर्ट में गुहार लगाने के बाद जब कोर्ट आदेश करता है, तभी थानों में एफआईआर की जाती है।
केस स्टडी: जब सिस्टम की सुस्ती ने ली जान
- मुरार हत्याकांड (चार महीने पहले दर्ज हुई थी FIR): हाल ही में मुरार क्षेत्र में जमीन के विवाद के चलते पिता-पुत्र की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में प्रशासन की लापरवाही साफ उजागर हुई, क्योंकि मृतक पक्ष की ओर से चार महीने पहले ही आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने न तो आरोपितों पर:सख्त शिकंजा कसा और न ही विवाद को शांत कराने के लिए कोई ठोस कदम उठाया, जिसका नतीजा हत्या के रूप में सामने आया।
टेकनपुर हत्याकांड: पनिहार में स्कूल संचालक का जमीन को लेकर पड़ोसी से झगड़ा चल रहा था। पड़ोसी ने जमीन का सौदा दूसरे पक्ष से कर दिया। इस जमीन पर कब्जे को लेकर आमने-सामने गोलियां चलीं। स्कूल संचालक ने दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए अपने ही दिव्यांग नौकर की गोली मारकर हत्या कर दी।
थाटीपुर: पीएनटी चौराहा के पास रामवीर गुर्जर को घेरकर जानलेवा हमला किया गया। ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
गिरवाई: यहां जमीन के विवाद के चलते एक पक्ष ने किसान के परिवार पर जमकर गोलीबारी की। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। यहां सबसे ज्यादा जमीन को लेकर झगड़े... महाराजपुरा, गिरवाई, झांसी रोड, पुरानी छावनी, भितरवार, डबरा, सिरोल।
कैसे लग सकती है इन वारदातों पर लगाम?
विशेषज्ञों व कानून के जानकारों का मानना है कि यदि पुलिस और राजस्व विभाग समन्वय बनाकर काम करें, तो जमीनी रंजिश में होने वाली आपराधिक वारदातों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
- सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर: जिन जमीनों को लेकर थाने में शिकायत या एफआइआर दर्ज होती है, वहां तुरंत दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें भारी मुचलके पर 'बाउंड ओवर' किया जाए। उल्लंघन करने पर सीधे जेल भेजा जाए।
- पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त जनसुनवाई: थानों और तहसील स्तर पर निर्धारित समय सीमा में संयुक्त जनसुनवाई की जाएं, जहां पुलिस अधिकारी और तहसीलदार/पटवारी एक साथ बैठकर मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर विवाद का निपटारा करें।
- भू-माफिया पर संगठित अपराध की धारा में एफआईआर और रासुका: आदतन जमीन कब्जाने वाले और विवाद खड़ा करने वाले भू-माफिया को चिह्नित कर उनके खिलाफ जिलाबदर और रासुका जैसी कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का खौफ पैदा हो। संगठित अपराध की धारा का प्रविधान भारतीय न्याय संहिता में है। इसके तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पदमपुर खेरिया में पिता-पुत्र की हत्या के पांच आरोपी गिरफ्तार
मुरार के पदमपुर खेरिया में कमलेश लोधी और उसके बेटे अमित लोधी की गोलियों से भूनकर हत्या करने वाले पांच आरोपी पकड़ लिए गए हैं। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। पुलिस फोर्स भी तैनात है। मृतकों के घर सुरक्षा में पुलिस लगाई गई है।
9 राउंड फायर ठोके
शुक्रवार सुबह कमलेश लोधी अपने बेटे अमित और अजय के साथ खेत पर बाउंड्री करवा रहे थे। इसी दौरान कमलेश का चचेरा भाई राजकुमार, राजेंद्र, उसके पिता होतम व अन्य स्वजन हथियारों से लैस होकर आ गए। इन लोगों ने आते ही गोलियां चला दी। नौ राउंड फायर किए।
इसमें से चार गोलियां पिता-पुत्र को लगी। अमित लोधी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कमलेश ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक कमलेश के बेटे अजय ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से वह घबरा गया और रोते हुए जमीन पर गिर पड़ा। इसके चलते वह बच गया। अगर वह जमीन पर नहीं गिरता तो उसकी भी जान चली जाती।
पुलिस ने इस मामले में राजेंद्र लोधी, राजकुमार लोधी, होतम सिंह लोधी, सचिन लोधी, प्रिंस लोधी, राजेश व हाकिम पर एफआइआर दर्ज की। पुलिस ने राजेंद्र, राजकुमार, होतम, सचिन और प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया है।