ग्वालियर में टिकट जांच की भनक से खिड़की पर उमड़ी भीड़, 15 यात्रियों से 7510 रुपये जुर्माना वसूला गया
इस घटनाक्रम ने रेलखंड में बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति और जांच की भनक लगते ही यात्रियों की सक्रियता को सामने ला दिया।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 12:02:56 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 12:03:28 PM (IST)
रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने के लिए उमड़ी भीड़ l नईदुनियाHighLights
- ग्वालियर-वीरपुर रेलखंड पर जांच अभियान
- बिना टिकट यात्रियों में मची खलबली
- रेलवे टीम ने वसूला 7510 रुपये जुर्माना
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ट्रेन में बिना टिकट सफर करने वालों को जैसे ही टिकट जांच अभियान की भनक लगी, वैसे ही रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़कियों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी। जो यात्री अब तक बिना टिकट यात्रा करने का जोखिम उठा रहे थे, वे जांच से बचने के लिए टिकट खरीदने की जल्दबाजी करते नजर आए।
ग्वालियर-वीरपुर रेलखंड में चलाए गए अभियान में दिखा ये नजारा
ग्वालियर-वीरपुर रेलखंड में शनिवार को चलाए गए टिकट जांच अभियान के दौरान यह स्थिति देखने को मिली। हालांकि, जांच की सूचना मिलने के बाद टिकट खरीदने वालों के बावजूद रेलवे की टीम ने 15 यात्रियों को बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ लिया। इनसे 7510 रुपये जुर्माना वसूला गया।
कई यात्री कम दूरी का सफर बताकर टिकट नहीं लेते
इस घटनाक्रम ने रेलखंड में बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति और जांच की भनक लगते ही यात्रियों की सक्रियता को सामने ला दिया। दरअसल, कई यात्री कम दूरी का सफर बताकर टिकट नहीं लेते या फिर अनियमित टिकट के सहारे यात्रा करते हैं। लेकिन जब जांच की संभावना बनती है तो यही यात्री टिकट लेने के लिए खिड़की तक पहुंच जाते हैं। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक दिग्विजय सिकरवार के नेतृत्व में टिकट जांच कर्मचारियों के साथ आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी मौजूद रहे।