ग्वालियर नगर निगम की सख्ती, संपत्तिकर जमा न करने पर कटेगा नल कनेक्शन और बंद होगा कचरा संग्रहण
नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में 300 करोड़ रुपये संपत्तिकर वसूली का लक्ष्य रखा है।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 02:09:53 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 02:11:51 PM (IST)
संपत्तिकर वसूली की समीक्षा करते अपर आयुक्त। सौजन्य: नगर निगमHighLights
- 300 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य
- फील्ड में रहेंगे सभी कर संग्रहक
- बड़े बकायादारों पर होगी कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बकायादारों पर नगर निगम अब सख्ती करने की तैयारी में है। ऐसे भवनों से न तो कचरा उठाया जाएगा और न ही पेयजल की आपूर्ति जारी रहेगी। नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने अधिकारियों को बकायादारों के पानी के कनेक्शन काटने और कचरा संग्रहण बंद करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को बाल भवन स्थित एक्यूआइ सेंटर में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त ने जोनवार वसूली की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि कर संग्रहकों को संपत्तिकर वसूली में भवन अधिकारी सहयोग करें। वहीं मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारी बकायादारों के घरों से कचरा उठाना बंद कराएं तथा संबंधित उपयंत्री पेयजल कनेक्शन काटने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अपर आयुक्त ने प्रत्येक कर संग्रहक को दो दिन का वसूली लक्ष्य दिया और साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देशित किया कि कर संग्रहक प्रतिदिन सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक फील्ड में रहकर वसूली करें।
प्रतिदिन वसूली की रिपोर्ट की जाए प्रस्तुत
उनकी नियमित निगरानी की जाए और प्रतिदिन शाम को वसूली की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने बड़े बकायादारों से व्यक्तिगत संपर्क कर संपत्तिकर जमा कराने तथा नई विकसित हो रही कालोनियों के प्रत्येक भवन से कर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपायुक्त मुकेश बंसल, सुनील चौहान, उत्तम जखेनिया, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. वैभव श्रीवास्तव सहित भवन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संपत्तिकर आरआइ और कर संग्रहक मौजूद रहे।