घर में सोती रहीं सास-बहू, अलमारी का ताला तोड़कर जेवर और नकदी ले उड़े चोर
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 09:49:07 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 09:49:50 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंज विहार फेस-2, शताब्दीपुरम में चोरों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय घर में सास और बहू सो रही थीं, जबकि पिता-पुत्र ड्यूटी पर गए हुए थे। सुबह नींद खुलने पर दूसरे कमरे का गेट खुला और सामान बिखरा मिला तो चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
अंदर जाकर देखा तो लोहे की अलमारी का ताला टूटा मिला
कुंज विहार फेस-2 निवासी पुष्पेंद्र सिंह तोमर (26) पुत्र भोला सिंह तोमर निजी नौकरी करता है। उसके पिता भोला सिंह तोमर भी नौकरी करते हैं। 12 सितंबर की रात करीब 10 बजे पुष्पेंद्र ड्यूटी पर चला गया। उसके पिता भी सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी पर चले गए थे। घर पर पुष्पेंद्र की मां सीमा तोमर और पत्नी सपना तोमर मौजूद थीं।
दोनों ने घर का मुख्य गेट बंद किया और एक ही कमरे में सो गईं। 13 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे सीमा तोमर की नींद खुली। उन्होंने देखा कि घर के दूसरे कमरे का गेट खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो लोहे की अलमारी का ताला टूटा मिला। अलमारी में रखा पर्स भी गायब था।
सूचना मिलते ही पुलिस जांच शुरू की
सामान की जांच करने पर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई। सीमा ने तत्काल अपने बेटे पुष्पेंद्र और पति भोला सिंह को घटना की जानकारी दी। दोनों घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।