ग्वालियर में 177 म्यूल बैंक खातों का खुलासा, एक ही खाते से दिनभर में 1 करोड़ का लेनदेन
विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 09:52:42 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 10:02:13 AM (IST)
HighLights
- ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में सामने आया मामला
- देश में दर्ज हैं ठगी की शिकायतें
- जिले में 177 म्यूल खाते भी मिले
डिजिटल टीम। साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों की पड़ताल में ग्वालियर पुलिस को बड़ा मामला मिला है। कंपू निवासी 28 वर्षीय विशाल कन्नोजिया के नाम से पंजाब नेशनल बैंक की सिटी सेंटर शाखा में संचालित खाता देशभर में दर्ज 34 साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़ा मिला है।
हैरानी की बात यह है कि इस खाते में एक ही दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत मिली जानकारी
क्राइम ब्रांच को ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 के तहत इस खाते की जानकारी मिली थी। इसके बाद 1930 साइबर क्राइम पोर्टल पर खाते की पड़ताल की गई तो देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 34 शिकायतों में इसका इस्तेमाल सामने आया। बैंक स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि 19 अप्रैल 2026 को खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा हुई और निकाली गई।
जिले में 177 म्यूल खाते, 300 से ज्यादा संदिग्ध चिन्हित
साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच में ग्वालियर जिले में 177 म्यूल बैंक खाते सामने आए हैं। पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई के लिए 180 खातों की जानकारी भेजी थी। जांच में इनमें से तीन खाते भिंड और 177 ग्वालियर जिले के निकले। शुरुआती पड़ताल में इन खातों से जुड़े मामलों में 300 से अधिक आरोपितों की पहचान हुई है।
जांच आगे बढ़ने पर यह संख्या बढ़ने की आशंका है।
पुलिस ने इन खातों की जानकारी जिले के सभी थानों को भेजकर जांच कराई है। सीएसपी मनीष यादव के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों और जिलों में साइबर ठगी के मामलों से जुड़े इन खातों को होल्ड कराया गया था। विश्वविद्यालय सहित अन्य थानों में संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।