MP High Court: मुरैना में बच्ची से ज्यादती और हत्या के दोषी की फांसी की सजा उम्रकैद में बदली
बच्ची की सात वर्षीय बहन ने आरोपी के साथ उसे जाते हुए देखने की गवाही दी थी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:09:31 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:40:28 AM (IST)
HighLights
- दुर्लभतम श्रेणी में नहीं माना मामला
- पैरोल और छूट के बिना उम्रकैद
- साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि कायम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। चार साल की मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने आरोपी बंटी उर्फ विश्राम रजक की दोष सिद्धि बरकरार रखते हुए निचली अदालत की ओर से दी गई फांसी की सजा को बदल दिया है। अब आरोपी को जीवन के शेष समय तक जेल में रहना होगा।
किसी भी तरह की छूट अब नहीं मिलेगी
उसे न पैरोल मिलेगी और न ही सजा में किसी तरह की छूट मिलेगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आरोपी की करतूत बेहद जघन्य है, लेकिन उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह मामला दुर्लभतम से दुर्लभतम श्रेणी में नहीं आता, जिसमें मृत्युदंड दिया जाना अनिवार्य हो।
4 फरवरी 2021 की है घटना
न्यायमूर्ति गुरपाल सिंह अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने मुरैना जिले के इस मामले की सुनवाई की। घटना 4 फरवरी 2021 की शाम करीब पांच बजे की है। बच्ची अपने भाई-बहन और पड़ोस के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी बहन को टाफी देने का लालच दिया, लेकिन उसके साथ नहीं जाने पर बच्ची को अपने साथ ले गया। बच्ची की दादी ने तलाश शुरू की तो आरोपी को सरसों के खेत से बाहर आते देखा। खेत में तलाश करने पर बच्ची खून से लथपथ और अर्धनग्न अवस्था में मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
कोर्ट ने मामले को परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर परखा
हाईकोर्ट ने मामले को परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर परखा। बच्ची की सात वर्षीय बहन ने आरोपी के साथ उसे जाते हुए देखने की गवाही दी थी। दादी और दादा की गवाही के साथ घटनास्थल पर आरोपी की मौजूदगी भी महत्वपूर्ण रही। इसके अलावा डीएनए जांच रिपोर्ट भी मैच हुई।
कोर्ट ने कहा कि बचाव पक्ष ने डीएनए रिपोर्ट को चुनौती नहीं दी और न ही संबंधित वैज्ञानिक अधिकारी से जिरह के लिए आवेदन किया। इन साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने माना कि अपहरण, दुष्कर्म और हत्या आरोपी ने ही की थी। इस तरह निचली अदालत की दोषसिद्धि बरकरार रखी गई।
पहले भी रद हो चुका था निचली अदालत का फैसला
इस मामले में निचली अदालत ने 11 मार्च 2022 को आरोपित को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड सुनाया था। हाईकोर्ट ने 19 जून 2026 को सुनवाई के दौरान पाया कि तीन गवाहों के बयान आरोपित की अनुपस्थिति में दर्ज किए गए थे, जो दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 273 के अनिवार्य प्रविधान का उल्लंघन था। इस आधार पर फैसला निरस्त कर मामला दोबारा सुनवाई के लिए निचली अदालत भेजा गया। तीनों गवाहों के बयान फिर से दर्ज किए गए और इसके बाद आठ अगस्त 2026 को दोबारा दोषसिद्धि तथा 14 अगस्त को मृत्युदंड सुनाया गया। अब हाईकोर्ट ने दोषसिद्धि कायम रखते हुए केवल मृत्युदंड को प्राकृतिक मृत्यु तक आजीवन कारावास में बदल दिया है।
फांसी के बजाय पूरी जिंदगी जेल में रखने का फैसला
मृत्युदंड के सवाल पर हाईकोर्ट ने आरोपी के आपराधिक रिकार्ड, मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन और सुधार की संभावना सहित परिस्थितियों का परीक्षण किया। कोर्ट ने पाया कि आरोपी के खिलाफ पहले दर्ज दुष्कर्म के एक अन्य मामले में उसे बरी किया जा चुका है। रिकार्ड में ऐसा कोई ठोस तथ्य नहीं था, जिससे उसे आदतन यौन अपराधी या समाज के लिए लगातार खतरा साबित किया जा सके। हालांकि रिपोर्ट में तनाव से निपटने की क्षमता में कमी और कुछ भावनात्मक परेशानियों का उल्लेख था।
किसी अपराध की क्रूरता मात्र से उसे दुर्लभतम से दुर्लभतम श्रेणी में नहीं रखा जा सकता
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि किसी अपराध की क्रूरता मात्र से उसे दुर्लभतम से दुर्लभतम श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। मृत्युदंड देने के लिए यह भी देखना जरूरी है कि दोषी के सुधरने की संभावना पूरी तरह समाप्त हो चुकी है या नहीं। हाईकोर्ट ने माना कि इस मामले में मृत्युदंड उचित नहीं है, लेकिन अपराध की गंभीरता को देखते हुए सामान्य आजीवन कारावास भी पर्याप्त नहीं होगा। इसलिए आरोपी को प्राकृतिक मृत्यु तक बिना पैरोल और बिना किसी माफी के जेल में रखने की सजा दी गई।