
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बीना स्टेशन के यार्ड में रीमाडलिंग और मल्टीपल लाइनों की इंटरलाकिंग का काम चल रहा है। इसके चलते ग्वालियर-बीना रेलखंड पर चलने वाली चार ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। 25 से 27 अक्टूबर तक ये ट्रेनें बीना स्टेशन के बजाय मालखेड़ी स्टेशन तक ही चलेंगी। इस दौरान सफर करने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 51884 ग्वालियर-बीना अब मालखेड़ी स्टेशन तक जाएगी और वहां शाम 4:40 बजे पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 51885 बीना-दमोह मालखेड़ी से शाम 6:10 बजे रवाना होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 51886 दमोह-बीना का संचालन मालखेड़ी स्टेशन पर ही समाप्त होगा। यह ट्रेन सुबह 11:45 बजे वहां पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 51883 बीना-ग्वालियर मालखेड़ी से दोपहर 12:20 बजे रवाना होगी।
रेलवे ने बताया कि इस अवधि में ये सभी ट्रेनें बीना स्टेशन के बजाय फ्लाईओवर मार्ग का उपयोग करेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति और परिचालन संबंधी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।