
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET Exam 2026) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों (Specal Trains) के संचालन की व्यवस्था की है।
ग्वालियर के अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से मथुरा के लिए तीन दिन एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 24, 29 और 31 अक्टूबर को शाम सात बजे झांसी से रवाना होगी। ग्वालियर के साथ ही दतिया, डबरा, मुरैना, धौलपुर और आगरा कैंट स्टेशन पर इसका ठहराव रहेगा।
पीईटी परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है।
झांसी से शाम सात बजे चलने वाली स्पेशल ट्रेन का ग्वालियर में ठहराव होने से इस मार्ग पर यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सकती है। ट्रेन दतिया और डबरा से होते हुए ग्वालियर पहुंचेगी। इसके बाद मुरैना, धौलपुर और आगरा कैंट होते हुए मथुरा जाएगी। हालांकि, यह ट्रेन एकतरफा संचालित होगी, इसलिए यात्रा की योजना बनाने से पहले इसके समय और उपलब्धता की पुष्टि करना जरूरी है।
रेलवे ने झांसी से प्रयागराज के लिए दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। ये ट्रेनें आवश्यकता के अनुसार दोपहर दो बजे और शाम सात बजे रवाना होंगी। महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूट धाम कर्वी, मानिकपुर और नैनी स्टेशनों पर इनका ठहराव रहेगा।
झांसी से कानपुर सेंट्रल के लिए दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें दोपहर 1:20 बजे और शाम 6:30 बजे रवाना होंगी। इनके ठहराव उरई, कालपी, पुखरायां, भीमसेन और गोविंदपुरी स्टेशनों पर रहेंगे। इसके अतिरिक्त परीक्षा की तारीखों यानी 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को ट्रेन संख्या 14123 मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़-चित्रकूट का संचालन भी परीक्षा के समय को ध्यान में रखकर किया जाएगा।