जनगणना 2027 का दूसरा चरण तय समय से पहले संभव, 40 सवालों के साथ घर-घर होगा सर्वे; सैन्य क्षेत्रों का डाटा रहेगा गोपनीय
स्पेशल एरिया जैसे छावनी क्षेत्र की आबादी, एयरफोर्स व अन्य सैन्य बलों की जानकारी पहले ही गोपनीय स्तर पर भेज दी जाएगी। इसको लेकर क्षेत्रों की सूची तैयार...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 12 Oct 2026 05:12:59 PM (IST)Updated Date: Mon, 12 Oct 2026 05:48:20 PM (IST)
HighLights
- स्पेशल एरिया का गोपनीय डेटा
- बड़े ब्लॉकों का उप-विभाजन
- 25 प्रतिशत अधिक कर्मचारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अगले साल फरवरी माह से शुरू होने वाली जनगणना का दूसरा चरण तय समय से पहले भी शुरू हो सकता है। बड़े ब्लॉक में लोगों की संख्या अधिक होने के कारण इन्हें छोटे ब्लॉक में बांटा जाना है और लोगों की गणना में 40 सवालों के साथ अधिक समय लग सकता है इसलिए ऐसा संभव है। इसको लेकर उच्च स्तर पर मंथन किया जा रहा है। वहीं स्पेशल एरिया जैसे छावनी क्षेत्र की आबादी, एयरफोर्स व अन्य सैन्य बलों की जानकारी पहले ही गोपनीय स्तर पर भेज दी जाएगी। इसको लेकर क्षेत्रों की सूची तैयार कर ली गई है।
ग्वालियर जिले में 8 क्षेत्र चिन्हित
ग्वालियर जिले में ऐसे आठ क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। नगर निगमों में दो से ढ़ाई हजार लोगों के एचलबी यानी हाउस लिस्टिंग ब्लाक बन गए हैं जिन्हें छोटा किया जाना है नगर निगम के अलावा अन्य क्षेत्र में ऐसी दिक्कत नहीं है। इसके लिए सब एचएलबी बनाए जाने हैं। वहीं इस बार दूसरे चरण में अधिक कर्मचारी लगेंगे क्योकि इस बार लोगों की जनगणना होना है पहले मकानों की गणना की गई थी। 15 जनवरी से स्वगणना शुरू हो जाएगी।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का काम फरवरी से
बता दें कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य फरवरी माह से प्रारंभ होगा। द्वितीय चरण में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण के माध्यम से जनगणना का कार्य किया जायेगा।
नगरीय निकाय से जुड़े अधिकारियों को जनगणना के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा चुका है। द्वितीय चरण में घर-घर जाकर सर्वेक्षण का कार्य किया जायेगा। सर्वेक्षण के दौरान घरों पर जाकर सर्वेक्षण करने के साथ-साथ ऐसे लोग जो घरों में निवास नहीं करते, उनका भी सर्वेक्षण किया जायेगा।
सर्वेक्षण के दौरान कोई भी व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में जनगणना का कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जायेगा।
घर-घर जाकर होगा सर्वेक्षण
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना सर्वेक्षण के दौरान निर्धारित लिंक के माध्यम से भी आम नागरिक जनगणना के संबंध में जानकारी अपने घर से भेज सकेंगे। इसके साथ ही घर-घर जाकर भी सर्वेक्षण का कार्य किया जायेगा। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य में लगे सभी जनगणना कर्मियों को अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर सभी लोगों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में एकत्र करेंगे।
इस बार लगभग 25 प्रतिशत और लगेंगे कर्मचारी
जनगणना में इस बार 25 प्रतिशत कर्मचारी और लगेंगे। ग्वालियर में पहले चरण की जनगणना में 3200 के लगभग कर्मचारी लगे थे लेकिन इस बार संख्या बढ़ानी होगी। 40 प्रश्न होंगे और ब्लाक भी बड़े घटाकर सब ब्लाक बनेंगे। पिछली बार सवालों के टेस्ट में समय की गणना की गई थी इसी आधार पर इस बार अमला बढ़ाने की तैयारी है।
पहले वाला ही मोबाइल नंबर रखेंगे तो नहीं बदलना होगा एरिया
पहले चरण की जनगणना में जिन लोगों ने अपना जो मोबाइल नंबर दर्ज किया था वह अगर दूसरे चरण में भी एक जैसा रखेंगे तो स्वगणना करने के दौरान एरिया नहीं भरना होगा सीधे सवालों से ही शुरूआत होगी। अगर नंबर बदला हुआ रहेगा तो एरिया सेट करना होगा।