ग्वालियर व्यापार मेले को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच बनाने की पहल, संस्कृति कैलेंडर में शामिल करने का प्रस्ताव
इस पहल का उद्देश्य मेले को केवल खरीदारी का केंद्र न रखकर ऐसा मंच बनाना है, जहां व्यापार, पर्यटन और संस्कृति साथ नजर आएं।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 01:23:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 01:23:52 PM (IST)
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण कार्यालय । नईदुनियाHighLights
- संस्कृति कैलेंडर में शामिल कराने का प्रस्ताव
- देशभर के कलाकारों को जोड़ने की योजना
- 90 प्रतिशत दुकानों का आवंटन पूरा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेले की पहचान को खरीदारी और कारोबार से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच के रूप में विकसित करने की तैयारी है। 121 साल पुराने मेले को मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक कैलेंडर में शामिल कराने के लिए मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन ने संस्कृति मंत्री से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा है।
हर साल सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं मेले में
जादौन ने कहा कि मेले में हर साल सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। संस्कृति विभाग से जुड़ने पर इन्हें व्यापक मंच और बेहतर आयोजन व्यवस्था मिल सकती है। साथ ही देशभर के कलाकारों की भागीदारी की संभावना भी बढ़ेगी। इससे मेले के सांस्कृतिक आयोजनों को अलग पहचान मिलेगी और प्रदेश से बाहर भी मेले की ब्रांडिंग मजबूत करने का अवसर बनेगा।
इस पहल का उद्देश्य मेले को केवल खरीदारी का केंद्र न रखकर ऐसा मंच बनाना है, जहां व्यापार, पर्यटन और संस्कृति साथ नजर आएं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर सांस्कृतिक कैलेंडर के जरिये कार्यक्रमों को अधिक व्यवस्थित और व्यापक स्वरूप दिया जा सकेगा।
ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए फिर करेंगे मुलाकात
जादौन ने बताया कि संस्कृति मंत्री को कैलेंडर में मेले को शामिल करने का प्रस्ताव दिया गया है। वह एक बार फिर भोपाल जाकर मंत्री से मुलाकात करेंगे और मेले के लिए अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मांग रखेंगे, ताकि देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार यहां प्रस्तुतियां दे सकें।
आवंटन प्रक्रिया इस बार तेज प्रशासन के हाथों में मेले का
संचालन रहने के दौरान दुकानों के आनलाइन आवंटन की नई प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि, पोर्टल की तकनीकी खामी के कारण यह प्रक्रिया चर्चा में रही और आवंटन की तारीख तीन बार बढ़ानी पड़ी। मेला प्राधिकरण अध्यक्ष के हाथ में आने के बाद इस बार आनलाइन आवंटन समय से पहले शुरू हुआ। अब तक 90 प्रतिशत दुकानों का आवंटन पूरा हो चुका है और दुकानदारों ने दुकानें तैयार करने का काम शुरू कर दिया है।
पशु मेले से व्यापार और संस्कृति के मंच तक 121 साल का सफर
ग्वालियर व्यापार मेले की शुरुआत वर्ष 1905 में तत्कालीन शासक माधवराव सिंधिया प्रथम ने पशु मेले के रूप में की थी। उस दौर में किसान और पशुपालक पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए यहां जुटते थे। वर्ष 1930 में मेले का स्वरूप बदला और इसे सामान्य व्यापार मेले के रूप में आयोजित किया जाने लगा। आज यहां विभिन्न वस्तुओं की दुकानें, वाहन कारोबार, खानपान और मनोरंजन की गतिविधियां मेले का हिस्सा हैं। मेले के बेहतर संचालन के लिए वर्ष 1996 में ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अधिनियम बनाया गया।