स्वच्छता में ग्वालियर ने लहराया परचम, नवाचार से बना MP का नंबर-1 शहर; राष्ट्रपति ने दिया प्रदेश स्तरीय अवार्ड
इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में ग्वालियर को स्टेट मिनिस्ट्रियल अवार्ड के रूप में प्रामिसिंग सिटी चुना गया था।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 08:40:27 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 08:47:51 AM (IST)
राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण करते पूर्व निगमायुक्त संघ प्रिय, वर्तमान निगमायुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव। सौ. जनसंपर्क विभागHighLights
- कचरा निपटान व बायोगैस प्लांट के नवाचार से मिली बढ़त
- लगातार दूसरे साल हासिल किया प्रदेश स्तरीय स्वच्छता खिताब
- देश के शीर्ष 10 शहरों की ओवरऑल रैंकिंग में शामिल होने की उम्मीद
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर को फिलहाल ये बढ़त नए प्लांटों की स्थापना, शहर में कराए गए सुंदरीकरण कार्य, सीएंडडी वेस्ट के पुनर्चक्रण के प्लांटों के साथ ही गीले कचरे से बायोगैस बनाने के कार्य के कारण बढ़त मिली है। इसके अलावा कार्ययोजना में 5.50 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निपटान और वैज्ञानिक लैंडफिल का विकास भी शामिल है।
लगातार दूसरे साल मिला प्रदेश स्तरीय अवार्ड
इन कार्यों के कारण ग्वालियर को प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब मिला है। इनके अलावा नगर निगम के अफसरों द्वारा किए गए नवाचारों ने भी शहर को ये अवार्ड दिलाने में मदद की। स्वच्छ सर्वेक्षण में ग्वालियर को लगातार दूसरे साल प्रदेश स्तरीय खिताब हासिल हुआ है।
फूलबाग चौपाटी को आकर्षक रूप से संवारा गया। नईदुनिया ग्वालियर को मिल चुका है प्रामिसिंग सिटी अवार्ड
बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व निगमायुक्त संघ प्रिय, वर्तमान निगमायुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश राज्य के पहले सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार प्रदान किया। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य और विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इससे पहले स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में ग्वालियर को स्टेट मिनिस्ट्रियल अवार्ड के रूप में प्रामिसिंग सिटी चुना गया था।
माननीय बोले-यह सम्मान पूरे ग्वालियर का सम्मान है
इस बार के सर्वेक्षण में ग्वालियर को प्रदेश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर डॉ. शोभा सिकरवार एवं नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने समस्त शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे ग्वालियर का सम्मान है। शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों की मेहनत और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
ओवरऑल रैंकिंग जल्द होगी जारी
नगर निगम की ओर से उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल, कार्यपालन यंत्री शैलेंद्र सक्सेना, आइईसी समन्वयक विजेता सिंह चौहान, कंसल्टेंट देवेन्द्र निम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी समारोह में उपस्थित रहा। हालांकि अभी समारोह में प्राथमिक रूप से पुरस्कार वितरण किया गया है। शहरों की ओवरऑल रैंकिंग एक-दो दिन के अंतराल से जारी की जाएगी। तभी यह भी साफ हो सकेगा कि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में ग्वालियर को कौन-सा स्थान मिला है। संभावना है कि रैंकिंग में ग्वालियर शीर्ष 10 शहरों में शामिल होगा।
सिटीजन फीडबैक में भी बेहतर
हालांकि अभी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने शहर की ओवरआल रैंकिंग जारी नहीं की है, लेकिन एक-दो दिन के अंदर इसके जारी होने की संभावना है। निगम अधिकारियों के अनुसार इस बार की थीम बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ रखी गई थी यानी इस बार जनता को ज्यादा से ज्यादा जोड़ना था और स्वच्छता को एक आंदोलन बनाना था। इस बार सिटीजन फीडबैक भी सटीक और बेहतर प्राप्त हुए हैं।