ग्वालियर में अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश... दिल्ली और हापुड़ के पांच आरोपी गिरफ्तार, गहने और नकदी बरामद
आरोपियों से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई आधा दर्जन से अधिक वारदातों का राजफाश हुआ है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 11:29:14 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 11:29:39 AM (IST)
घटना का एआई से बनी चित्र और सीसीटीवी फुटेज में ठग।HighLights
- बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे शिकार
- मुरार थाना पुलिस ने की घेराबंदी
- आधा दर्जन वारदातों का खुलासा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में बुजुर्ग महिलाओं को बातों के जाल और सम्मोहन में फंसाकर सोने-चांदी के गहने पार करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का मुरार थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के हापुड़ से आकर शहर में वारदातों को अंजाम देने वाले पांच ठगों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। आरोपियों से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई आधा दर्जन से अधिक वारदातों का राजफाश हुआ है।
बुजुर्ग महिला को बनाया था शिकार
बुधवार को यह गिरोह मुरार इलाके में किसी नए शिकार की तलाश में घूम रहा था। शातिरों ने सड़क पर चल रही एक बुजुर्ग महिला को गाड़ी रोककर किसी पते के बहाने बातों में उलझाया और झांसा देकर उसके कीमती गहने उतरवा लिए। महिला को जब तक ठगी का अहसास हुआ, बदमाश भागने की फिराक में थे। इसी दौरान गश्त कर रही मुरार पुलिस को सटीक सूचना मिल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की नाकेबंदी की और पांचों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरोह का सरगना राशिद
पुलिस गिरफ्त में आए गिरोह का सरगना 34 वर्षीय राशिद (निवासी कलंदर कॉलोनी, दिल्ली) है। उसके साथ सौरभ मोहम्मद मदारी, मोइन खान (दोनों निवासी दिल्ली) और आलम (निवासी पीपलखेड़ा, हापुड़, यूपी) को गिरफ्तार किया गया है। यह गैंग वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर शहर की सीमा से बाहर भाग जाता था, लेकिन इस बार पुलिस की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।