ग्वालियर के बथेस्डा इंस्टीट्यूट में मतांतरण की शिकायत पर जांच शुरू, आयोजन को लेकर पुलिस-प्रशासन सख्त
पुलिस के अनुसार विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 09:20:12 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 09:20:39 AM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- इंस्टीट्यूट में 16 साल से आयोजन का आरोप
- हाई कोर्ट की अनुमति का आदेश नहीं दिखा सके
- प्रशासन और पुलिस की टीम कर रही गहन जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार इलाके में आने वाले बिजौली थाना क्षेत्र में स्थित बथेस्डा इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नोलॉजी में वार्षिक आयोजन में मुख्यमंत्री से मतांतरण की शिकायत किए जाने की गहन जांच पड़ताल शुरू हो गई है। इस मामले में शुक्रवार को बिजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आयोजन को लेकर पड़ताल की। पंचनामा तैयार किया गया और आयोजन की वीडियोग्रॉफी व फोटो संग्रहित किए गए। पुलिस को इस मामले में वरिष्ठ स्तर से जांच के निर्देश मिले हैं वहीं खुफिया विभाग भी इसको लेकर सतर्क हो गया है।
लोगों के बयान भी होंगे दर्ज
आयोजन में शामिल लोगों के बयान भी दर्ज होंगे। वहीं मौके पर आयोजन की अनुमति को लेकर जब पुलिस ने सवाल पूछे तो आयोजकों की ओर से हाई कोर्ट की अनुमति होने का हवाला दिया गया, लेकिन पुलिस ने जब आदेश मांगा तो वे नहीं दे सके। शिकायत के अनुसार यहां वार्षिक आयोजन में दलितों-आदिवासियों का मतांतरण कराया जा रहा है और यह हर साल होता है। पुलिस के अनुसार विस्तृत जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इंस्टीट्यूट में 16 सालों से आयोजित हो रहा है मतांतरण समारोह
शिकायतकर्ता चंद्रकांत मिश्रा निवासी डीडी नगर ने सीएम डॉ. मोहन यादव, गृह मंत्री व ग्वालियर के कलेक्टर व एसपी को शिकायत की है। शिकायत में बताया है कि ईसाई मिशनरी द्वारा रतवाई ग्राम में 'बथेस्डा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी' नामक इंजीनियरिंग कालेज चलाया जा रहा है। विगत 16 वर्षों में इंस्टीट्यूट द्वारा प्रतिवर्ष अक्टूबर-नवंबर में एक सप्ताह मतांतरण समारोह आयोजित किया जाता है। इसमें देश के हर कोने से गरीब आदिवासी एवं दलित समुदाय के पांच से सात हजार लोगों को एक सप्ताह तक निरंतर परिसर में ही रखा जाता है।
शैक्षणिक गतिविधियां है शून्य
देश-विदेश से आए ईसाई धर्मगुरुओं द्वारा निरंतर उनका ब्रेन वॉश कर, प्रलोभन देकर व्यापक मतांतरण कराया जाता है। इस इंस्टीट्यूट का प्रयोग केवल मतांतरण समारोह के लिए ही किया जा रहा है, जबकि शैक्षणिक गतिविधियां शून्य है। इंस्टीट्यूट में वर्तमान में मात्र पांच-छह लोगों का स्टाफ है, जबकि एक भी छात्र पूरे वर्षभर दिखाई नहीं देता। शिकायत में कालेज की गतिविधियों की जांच कराने की मांग भी की गई है।
आज प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर करेगा जांच
इस मामले में जिला प्रशासन के स्तर पर भी आंतरिक जांच कराई जा रही है। शनिवार को इस मामले में प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच करेगी। एसडीएम मुरार नरेशचंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है। आयोजन की अनुमति को लेकर हाई कोर्ट जाने की जानकारी मिली, लेकिन कोई आदेश संज्ञान में नहीं आया।
बथेस्डा इंस्टीटयूट को लेकर आई शिकायत की जांच की जा रही है, शुक्रवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पंचनामा भी तैयार किया गया है। आयोजन की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। - सौरभ श्रीवास्तव, थाना प्रभारी बिजौली थाना।