13 साल प्रीमियम भरने के बाद शुगर के नाम पर पॉलिसी बंद करना गलत, 45 दिनों में पॉलिसी रिवाइव करने के निर्देश
लंबे समय तक नियमित प्रीमियम जमा करने के बाद मेडिकल जांच में डायबिटीज मिलने पर पुरानी बीमा पॉलिसी बंद करना बीमा कंपनी की सेवा में कमी है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 06:25:21 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 06:25:21 PM (IST)
HighLights
- जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने सुनाया फैसला
- वाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये देने के निर्देश दिए
- बेटे के नाम से कंपनी की मनीबैक पॉलिसी ली थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। लंबे समय तक नियमित प्रीमियम जमा करने के बाद मेडिकल जांच में डायबिटीज मिलने पर पुरानी बीमा पॉलिसी बंद करना बीमा कंपनी की सेवा में कमी है।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने एक मामले में यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए मेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी को 45 दिनों के भीतर पॉलिसी दोबारा चालू करने का आदेश दिया है।
वाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये देने के निर्देश दिए
साथ ही परिवादी को मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा और सदस्य रेवती रमण मिश्रा की पीठ ने यह फैसला सुनाया। मामला ठाटीपुर निवासी राजकमल अग्रवाल से जुड़ा है।
बेटे के नाम से कंपनी की मनीबैक पॉलिसी ली थी
राजकमल अग्रवाल ने एक मार्च 2007 को अपने बेटे संभव अग्रवाल के नाम से कंपनी की मनीबैक पॉलिसी ली थी। परिवादी ने करीब 13 साल तक नियमित रूप से पॉलिसी का प्रीमियम जमा किया। कोरोना महामारी के दौरान आर्थिक परेशानी के चलते वर्ष 2020 और 2021 की दो किस्तें जमा नहीं कर पाए।
हालात सामान्य होने पर 11 मार्च 2022 को दोनों किस्तों का भुगतान कर पॉलिसी रिवाइव कराने पहुंचे, लेकिन कंपनी ने मेडिकल जांच में शुगर मिलने का हवाला देकर पॉलिसी दोबारा चालू करने से इन्कार कर दिया था।