ग्वालियर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, कार सवार बदमाशों ने दो घंटे में चार फ्लैट्स से उड़ाए 60 लाख
खास बात यह है कि पूरी वारदात दिन के उजाले में हुई और पुलिस गश्त के दावों के बीच बदमाशों को रोकने वाला कोई नहीं था।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 11:00:38 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 11:09:06 AM (IST)
सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध (गोल घेरे में)।HighLights
- दो घंटे में चार फ्लैट्स के ताले चटकाए
- सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की फर्जी कार
- पुलिस गश्त के दावों पर उठे गंभीर सवाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। त्योहारों की चमक और रोशनी के बीच ग्वालियर में सुरक्षा के तमाम दावे उस वक्त खोखले साबित हो गए, जब एक सफेद लग्जरी कार में सवार होकर आए नकाबपोश बदमाशों ने शहर की दो पाश कॉलोनियों- फोर्ट व्यू कॉलोनी और सेवा नगर स्थित अमरकंटक एनक्लेव में चोरी सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया।
महज दो घंटे के भीतर चार बंद फ्लैट्स के ताले चटकाकर शातिर चोर करीब 60 लाख रुपये से अधिक का सोना और नकदी उड़ा ले गए। खास बात यह है कि पूरी वारदात दिन के उजाले में हुई और पुलिस गश्त के दावों के बीच बदमाशों को रोकने वाला कोई नहीं था।
फोर्ट रोड से शुरू हुआ चोरों का सफर
वारदात की शुरुआत सुबह करीब 11:30 बजे फोर्ट रोड स्थित महावीर नारायण कॉम्प्लेक्स से हुई। दीपावली और त्योहारों की छुट्टियों के चलते कई परिवार अपने घरों से बाहर थे। इसी का फायदा उठाते हुए शातिर गिरोह ने कारोबारी राहुल माहेश्वरी और उनके पड़ोसी के फ्लैट को अपना निशाना बनाया। जब लोग लौटे तो ताले टूटे मिले। राहुल के घर से सोने के जेवर और 40 हजार नकद तथा पड़ोसी के फ्लैट से 25 हजार रुपये व कीमती सामान गायब मिला।
अमरकंटक एन्क्लेव में बोला धावा
पहला हाथ साफ करने के बाद बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे दोपहर करीब 12:30 बजे अमरकंटक एन्क्लेव के हरिविला अपार्टमेंट जा पहुंचे। यहाँ उन्होंने ग्राउंड फ्लोर के दो फ्लैट्स (जी-17 और जी-18) को खंगाल डाला।
गोहद गए कारोबारी का घर साफ
फ्लैट जी-17 के मालिक आशुतोष निगोतिया परिवार सहित गोहद गए हुए थे। चोरों ने ताला तोड़कर करीब 25 तोला सोना, 100 ग्राम चांदी और एक लाख रुपये नकद समेट लिए।
डॉक्टर दंपती को लगी चपत
ठीक बगल वाले फ्लैट (जी-18) पर डॉ. गौरव चंदेरिया और डा. नेहा शाक्य रहते हैं। घटना के वक्त डॉ. चंदेरिया अस्पताल में ड्यूटी पर थे और उनकी पत्नी भाई दूज पर बाहर गईं थीं। सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने इस घर से सबसे बड़ा हाथ मारा और करीब 40 तोला सोना व भारी नकदी पार कर दी।
सीसीटीवी में कैद हुई कार, नंबर निकला फर्जी
घटना की भनक लगते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। अमरकंटक एन्क्लेव के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक सफेद रंग की लग्जरी कार में संदिग्ध घूमते नजर आए। पुलिस ने जब कार के नंबर की तस्दीक की, तो वह फर्जी निकला।
फिलहाल, पुलिस शहर के विभिन्न चौराहों और टोल नाकों के सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के रूट को ट्रेस करने में जुटी है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।