सूने मकान से 5 लाख के गहने चोरी, खिड़की का कांच तोड़कर घुसे चोर; अलमारी काटकर ले गए माल
पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
Publish Date: Mon, 14 Sep 2026 08:23:45 PM (IST)Updated Date: Mon, 14 Sep 2026 08:26:44 PM (IST)
HighLights
- ताला तोड़ अलमारी से 5 लाख के गहने चोरी
- कंपनी के काम से बाहर गए थे मकान मालिक
- जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में सूने घर से करीब पांच लाख रुपये का माल चोर समेट ले गए। मकान मालिक कंपनी के काम से बाहर गया था, जबकि बीमार पत्नी बेटे के साथ गुरूग्राम में थी। इसी दौरान चोर घुस गए। चोरों ने घर की खिड़की का कांच तोड़ा। इसके बाद अंदर हाथ डालकर दरवाजे की कुंडी खोल ली। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोल लिया और अंदर अलमारी भी काटी
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल नगर में चावला मार्केट के पास रहने वाले अनिरुद्ध सिंह तोमर खाद, कीटनाशक बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। उनका बेटा गुरूग्राम में इंजीनियर है। पत्नी की तबियत खराब थी, इसके चलते बेटा उन्हें अपने साथ ले गया। घर पर अनिरुद्ध सिंह तोमर अकेले थे।
कंपनी के काम से उन्हें शहर से बाहर जाना पड़ा। वर्षा के चलते वह ग्वालियर नहीं लौट सके। इसी दौरान रात में चोरों ने घर के ताले चटका दिए। खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोल लिया और अंदर अलमारी भी काटी।
घर के अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था
अलमारी के अंदर सोने की दो चेन, दो अंगूठियां, एक हार, चांदी के नारियल, चांदी की पायल, 12 सिक्के चोरी हो गए। चोरी होने का पता तब लगा जब वह अगली सुबह घर पहुंचे। घर के अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।