
नईदुनिया, ग्वालियर। हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई हुई। अचानक घर से गायब हुई युवती ने कोर्ट में पेश होकर अपने बयान दर्ज करवाए और कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी और जिस युवक के साथ वह गई थी, अब वह उसी से शादी कर उसके ही साथ रहना चाहती है।
इस दौरान एक और रोचक बात सामने आई। याचिकाकर्ता यानी युवती के पिता ने कोर्ट को बताया कि वह युवक रिश्ते में लड़की का मामा लगता है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के साथ यह पाया कि युवती वयस्क है और इसके बाद युवती को उसकी मर्जी से जाने के लिए मुक्त कर दिया।
यह मामला गोले के मंदिर स्थित कुंज विहार कॉलोनी का है, जहां कुछ समय पहले युवती एक युवक के साथ घर से बिना बताए गायब हो गई थी। युवक ने खुद को रेलवे कालोनी में रहने वाला बताया।
युवती के परिजनों ने उसे खोजने की तमाम कोशिश की, लेकिन पता नहीं चल सका। इसके बाद याचिकाकर्ता ने युवती को खोजने के लिए हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की, जिसकी सुनवाई के दौरान युवती को कोर्ट में पेश किया गया।

ग्वालियर में अपराध से जुड़ी एक अन्य खबर में डबरा रेलवे स्टेशन पर एक अलग ही घटना सामने आई। यात्री के जेब काटते समय जब उसके साथी ने जेबकतरे को दबोच लिया, तो उसने भागने की कोशिश में यात्री का अंगूठा ही चबा डाला।
जेबकतरे ने यात्री का अंगूठा इतनी जोर से काटा कि आधा हिस्सा अलग ही हो गया। स्टेशन पर हंगामा होने पर जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और जेबकतरे को पकड़कर ग्वालियर लेकर आए।

जानकारी के मुताबिक मुरार निवासी राजू बाथम पुत्र कल्लू बाथम आयु 49 वर्ष अपने एक साथी छोटू बाथम के साथ डबरा से ग्वालियर आ रहे थे। डबरा स्टेशन पर एक शातिर जेबकतरे ने छोटू की जेब काटने की कोशिश की। इसी दौरान राजू बाथम ने जेबकतरे को पकड़ लिया।
यहां भी क्लिक करें: लखनऊ की शादी में दुल्हन ने पहनी बनारसी बिकिनी! पढ़ें वायरल फोटो की सच्चाई
पकड़ से छूट कर भागने के प्रयास में जेबकतरे ने राजू के बाएं हाथ का अंगूठे का आधा हिस्सा चबाकर अलग ही कर दिया। छीना झपटी की स्थिति देखकर जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और जेबकतरे को पकड़ लिया। उसकी पहचान हरिओम किरार निवासी मुरैना के रूप में हुई है। जीआरपी के जवान जेबकतरे को पकड़कर ग्वालियर थाने लेकर आए, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।