नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। गिरवाई थाना क्षेत्र में किशोर के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। घटना का पता स्वजन को भी तब चला जब कई बार बुलाने के बाद भी उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। जब दरवाजा तोड़ा गया तो पता चला कि किशोर ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि फांसी लगाने के पीछे का कोई कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिरथरियों का पुरा निवासी 17 वर्षीय दीपक कुशवाह शुक्रवार रात को बाजार से लौटा और अपने कमरे में आराम करने चला गया। जब खाना खाने के लिए उसके स्वजन ने उसे आवाज दी तो कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। दरवाजा अंदर से दरवाजा बंद था। काफी देर तक जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो स्वजन ने यह समझकर उसे नहीं जगाया कि शायद वह सो गया होगा। शनिवार की सुबह जब वह नहीं जागा तो स्वजन को शक हुआ।
उन्होंने कुंडी तोड़कर जब कमरा खोला तो कमरे में उसका शव फांसी पर लटका मिला। उसने साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। यह देखकर घर में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मर्ग कायम कर लिया। महिला ने घर में लगाई फांसी : कंपू थाना क्षेत्र स्थित निम्बालकर की गोठ निवासी बेबी पत्नी विक्की रत्नाकर ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसका पति घर पहुंचा और उसने कमरे में देखा तो पत्नी का शव फांसी पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर मर्ग कायम कर लिया।