श्योपुर में 18,746 आदिवासियों के भूमि अधिकारों का होगा सत्यापन, हाई कोर्ट ने गलत आंकड़ों पर मांगा सख्त जवाब
मामले की अगली सुनवाई दो फरवरी 2027 को होगी।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 10:10:46 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 10:11:11 AM (IST)
HighLights
- उच्चस्तरीय समिति करेगी मामलों की जांच
- कोर्ट को गुमराह करने वाले अफसरों पर सख्ती
- तीन महीने में पेश करनी होगी जांच रिपोर्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। श्योपुर जिले में अनुसूचित जनजाति के 18746 लोगों के भूमिस्वामी या पट्टाधारी होने के मामलों का उच्चस्तरीय समिति सत्यापन करेगी। प्रत्येक मामले की जांच के लिए समिति ने तीन महीने का समय मांगा है।
हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने राज्य सरकार को जांच रिपोर्ट और राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव की रिपोर्ट पेश करने के लिए भी तीन महीने का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई दो फरवरी 2027 को होगी।
तीन महीने में पेश करनी होगी जांच रिपोर्ट
न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने छोटेलाल आदिवासी की याचिका पर सुनवाई की। राज्य सरकार ने बताया कि मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय छानबीन समिति गठित की गई है। समिति के सामने 18746 अनुसूचित जनजाति के लोग भूमिस्वामी या पट्टाधारी के रूप में सामने आए हैं। सभी मामलों का अलग-अलग सत्यापन करने के लिए तीन महीने चाहिए।
सरकार ने यह भी बताया कि श्योपुर कलेक्टर ने एक दिन पहले अपना स्पष्टीकरण पेश किया है। राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव की रिपोर्ट श्योपुर कलेक्टर द्वारा संजय कुमार की छवि खराब करने के कथित प्रयास के संबंध में की गई कार्रवाई को लेकर मांगी गई है।
कोर्ट के सामने सही तथ्य रखने की अनुमति मांगी
सुनवाई के दौरान हस्तक्षेपकर्ता ने आवेदन देकर कोर्ट के सामने सही तथ्य रखने की अनुमति मांगी। राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता ने आवेदन पर आपत्ति नहीं जताई और कहा कि हस्तक्षेपकर्ता से मिलने वाली जानकारी अन्य प्रतिवादियों के लिए भी उपयोगी होगी। इस पर कोर्ट ने पूछा कि यदि हस्तक्षेपकर्ता की जानकारी से सरकार के आंकड़े गलत पाए जाते हैं और अधिकारियों द्वारा सरकार व कोर्ट को गुमराह करने की बात सामने आती है, तो उनके खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई होगी। सरकार ने इस सवाल का स्पष्ट जवाब अलग से पेश करने की बात कही।