ग्वालियर के लक्ष्मीगंज स्वास्थ्य केंद्र में खराब लिफ्ट, पहली मंजिल पर स्थित लेबर रूम तक सीढ़ियों से जाने को मजबूर गर्भवती महिलाएं
महिला मरीज के स्वजन राजकिशोर सिंह का कहना था कि लेबर रूम तक आसानी से पहुंचने के लिए लिफ्ट का चालू रहना जरूरी है।
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 09:24:48 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 09:25:14 PM (IST)
लक्ष्मीगंज स्वास्थ्य केंद्र में खराब लिफ्ट । नईदुनियाHighLights
- नए भवन में भी लिफ्ट पड़ी बंद
- प्रसव पीड़ा में सीढ़ियां चढ़ना बना जोखिम
- कंपनी को सुधार के लिए दिए निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीगंज में सुविधाएं बढ़ाने के दावे के बीच खराब लिफ्ट गर्भवती महिलाओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में संचालन शुरू होने के बाद से ही लिफ्ट की समस्या बनी हुई है, लेकिन लंबे समय बाद भी इसे दुरुस्त नहीं कराया जा सका है। इसका खामियाजा सबसे अधिक गर्भवती महिलाओं को उठाना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य केंद्र में लेबर रूम पहली मंजिल पर है। लिफ्ट बंद होने के कारण प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को सीढ़ियों के सहारे ऊपर पहुंचना पड़ रहा है। सामान्य स्थिति में भी गर्भवती के लिए सीढ़ियां चढ़ना परेशानी वाला हो सकता है, जबकि प्रसव पीड़ा या गर्भावस्था की जटिल स्थिति में यह परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे में स्वजन उन्हें सहारा देकर पहली मंजिल तक ले जाने को मजबूर हैं।
भवन नया, सुविधा पुरानी समस्या के हवाले
स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन में मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाई गई थी, लेकिन इसके संचालन में लगातार समस्या बनी हुई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब संबंधित कंपनी को लिफ्ट दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। प्रबंधन का कहना है कि कंपनी के स्तर से सुधार कार्य कराया जाना है।
होती है परेशानी
महिला मरीज के स्वजन राजकिशोर सिंह का कहना था कि लेबर रूम तक आसानी से पहुंचने के लिए लिफ्ट का चालू रहना जरूरी है। खासकर ऐसी गर्भवती महिलाएं जिन्हें चलने-फिरने में दिक्कत है या जिन्हें तत्काल प्रसव के लिए लेबर रूम पहुंचाना है, उनके लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल करना जोखिम और असुविधा दोनों बढ़ाता है। कुछ इसी तरह की बात बहोड़ापुर निवासी राजकुमार ने कही। अब अस्पताल प्रबंधन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती लिफ्ट को जल्द से जल्द चालू कराने की है, ताकि प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।
यह बात सही है कि लिफ्ट खराब है। इसे दुरस्त करने के लिए संबंधित कंपनी को कहा गया है। लिफ्ट सही होने पर इसके संचालन के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई भी जाएगी। -डॉ. जितेन्द्र निगोतिया, प्रभारी, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीगंज।