• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
  • मेरी खबरें
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • गणेशोत्‍सव 2026
  • हनुमान अंश
  • मध्‍य प्रदेश की खबरें
  • राशि परिवर्तन
  • मानसून
  • वास्‍तु शास्‍त्र
  • स्वच्छ जल
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • ग्वालियर

LNIPE गुवाहाटी में छात्रा की मौत का मामला: विद्यार्थियों संग VC की मैराथन बैठक; 10 मांगें तुरंत मंजूर

अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश विषयों का तत्काल निराकरण कर दिया गया है, जबकि शेष विषय प्रक्रिया में हैं। इससे विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही...और पढ़ें

By Digital DeskEdited By: Rajdil Shivhare
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 10:20:09 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 10:21:16 PM (IST)
LNIPE गुवाहाटी में छात्रा की मौत का मामला: विद्यार्थियों संग VC की मैराथन बैठक; 10 मांगें तुरंत मंजूर
गुवाहाटी में विद्यार्थियों से चर्चा करतीं कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा व अन्य। सौ. एलएनआईपीई

HighLights

  1. 12 में से 10 मांगों पर तत्काल अमल
  2. 50 लाख मुआवजे की मांग पर अड़े छात्र
  3. मामले की आंतरिक रिपोर्ट खेल मंत्रालय को भेजी

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गुवाहाटी में छात्रा की मौत के बाद छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआइपीई) की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा और डायरेक्टर स्पोर्ट्स संदीप सिन्हा ने गुवाहाटी में विद्यार्थियों के साथ कई घंटे तक मैराथन वार्ता की। विद्यार्थियों ने कुलपति के समक्ष अपनी समस्याओं और मांगों से जुड़े 12 बिंदु रखे। कुलपति ने प्रत्येक बिंदु पर विद्यार्थियों से विस्तार से चर्चा की और उनकी बात गंभीरता से सुनी।

वार्ता के बाद 10 मांगों पर तत्काल निर्णय लेकर उन्हें लागू कर दिया गया, जबकि 11वें बिंदु पर भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को उनकी मांगों पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।


अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश विषयों का तत्काल निराकरण कर दिया गया है, जबकि शेष विषय प्रक्रिया में हैं। इससे विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में संस्थान की ओर से कदम उठाने का दावा किया गया है।

50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े विद्यार्थी

वार्ता के दौरान विद्यार्थियों ने संबंधित प्रकरण में 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी कुलपति के सामने रखी। इस पर कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा ने कहा कि संस्थान नियमों के तहत जितनी राशि देय होगी, उसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों की मुआवजे की मांग को मानवीय दृष्टिकोण से मंत्रालय के समक्ष भी विचार के लिए भेजा जा रहा है।

कुलपति ने स्पष्ट किया कि मुआवजे के संबंध में अंतिम निर्णय सक्षम स्तर से प्राप्त निर्देशों के आधार पर ही लिया जाएगा। हालांकि, विद्यार्थियों ने संस्थान की ओर से दिए गए इस आश्वासन को स्वीकार नहीं किया और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग पर कायम रहे।

आंतरिक रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी

पूरे प्रकरण को लेकर संस्थान की ओर से आंतरिक रिपोर्ट भी तैयार की गई है। कुलपति द्वारा तैयार रिपोर्ट में विद्यार्थियों के साथ हुई वार्ता और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है। रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। अब मंत्रालय की ओर से मिलने वाले निर्णय और दिशा-निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संस्थान का कहना है कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए 12 में से 10 बिंदुओं पर तत्काल निर्णय लागू कर दिए गए हैं। 11वें बिंदु पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि मुआवजे से संबंधित विषय को सक्षम स्तर पर निर्णय के लिए भेजा गया है। अब विद्यार्थियों की नजर मंत्रालय के निर्णय पर है।

ये मांगे मानी...

  • संबधित चिकित्सक की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
  • संबधित नर्स की सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
  • हॉस्टल वार्डन के विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
  • विद्यार्थियों द्वारा दिए गए औपचारिक अभ्यावेदन पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए समिति गठित की गई है।
  • स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा के लिए LNIPE, NERC के तीन फैकल्टी सदस्यों एवं पांच छात्र प्रतिनिधियों की समिति गठित की जाएगी।
  • स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक मानव संसाधन की तत्काल व्यवस्था के लिए प्रक्रिया पूरी करने के प्रयास शुरू किए गए हैं।
  • स्थायी चिकित्सा व्यवस्था के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (YAS) को सक्षम स्तर पर प्रस्ताव भेजा जाएगा।
  • श्रुति उपाध्याय के निधन की परिस्थितियों की जांच के लिए LNIPE (NERC एवं ग्वालियर) के पदाधिकारियों के साथ बाहरी चिकित्सा विशेषज्ञ/मेडिकल ऑफिसर को शामिल करते हुए जांच समिति गठित की जाएगी, जो निर्धारित अवधि में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
  • प्रकरण की विस्तृत समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।
  • संस्थान में पूरी तरह सुसज्जित 24×7 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की खरीद की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। वर्तमान में संस्थान में 24×7 बेसिक एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध है।
  • आवश्यक मेडिकल स्टाफ एवं गर्ल्स हॉस्टल स्टाफ की व्यवस्था के लिए मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
  • विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निकटवर्ती अस्पतालों से टाई-अप की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
  • स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत विषयों की समीक्षा तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के लिए समितियां गठित की गई हैं।

मंगलवार से कक्षाओं में लौटने का आग्रह

कुलपति ने गुवाहाटी एवं LNIPE के सभी विद्यार्थियों से मंगलवार से नियमित कक्षाओं में लौटने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से प्रारंभ करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और शेष मांगों पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।