मप्र फिटनेस सेंटर फर्जीवाड़े में 5 निलंबित, 9 को नोटिस, 36 हजार वाहनों को बिना जांच सर्टिफिकेट देने का आरोप
परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने सभी सेंटरों का रिकार्ड खंगालने के निर्देश दिए।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 12:29:04 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 12:29:31 PM (IST)
शिवपुरी का वाहन परीक्षण केंद्र, जो अब बंद है। नईदुनिया आर्काइवHighLights
- वाट्सएप पर फोटो मंगाकर फिटनेस देने की शिकायत
- जयपुर के ट्रक का धार से जारी हुआ प्रमाणपत्र
- विभाग ने मांगा तीन साल का डेटा, जांच जारी
वरुण शर्मा, नईदुनिया ग्वालियर। सड़क पर चलने वाले भारी व मालवाहक वाहनों की फिटनेस जांच में पारदर्शिता और सख्ती लाने के लिए शुरू की गई आटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर (एटीएस) व्यवस्था की निगरानी में मध्य प्रदेश का परिवहन विभाग सवालों के घेरे में है। राजस्थान के हजारों वाहनों को मध्य प्रदेश के फिटनेस सेंटरों से बिना भौतिक जांच प्रमाणपत्र जारी करने की शिकायत के बाद प्रदेशभर के सेंटरों की कार्यप्रणाली की जांच शुरू हुई है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने सभी सेंटरों का रिकार्ड खंगालने के निर्देश दिए।
तीन साल का डेटा मांगा
विभाग ने तीन साल का डेटा भी मांगा है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर पांच सेंटर निलंबित किए गए हैं, जबकि नौ संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। ग्वालियर के वेदांती और मनाली सेंटर भी जांच के दायरे में हैं। वेदांती सेंटर में पहले भी अनियमितता सामने आ चुकी है।
36,748 वाहनों को बिना जांच फिटनेस देने की शिकायत
जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा थाने में 17 नवंबर को दर्ज एफआइआर के अनुसार, राजस्थान के 36,748 वाहनों को एक अप्रैल से 30 अक्टूबर 2026 के बीच मध्य प्रदेश के 19 आटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों से बिना भौतिक जांच फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किए जाने की शिकायत की गई है।
शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि वाहनों को सेंटर तक लाने के बजाय उनके फोटो और दस्तावेज वाट्सएप पर भेजकर प्रमाणपत्र जारी किए गए।
इसमें धार के आदिनाथ फिटनेस, ग्वालियर के वेदांती और मनाली सहित कई सेंटरों के नाम हैं। हालांकि, 36,748 प्रमाणपत्रों का आंकड़ा शिकायत में दिया गया है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
जांच में सामने आया... शाहपुरा में ट्रक धार से जारी हो गया प्रमाणपत्र
इस मामले का पर्दाफाश ट्रक क्रमांक आरजे-14 जीपी 4938 की फिटनेस जांच के दौरान हुआ। 23 अक्टूबर को ट्रक जयपुर के शाहपुरा स्थित फिटनेस सेंटर पहुंचा था। जांच के दौरान सामने आया कि उसी समय मध्य प्रदेश के धार स्थित आदिनाथ फिटनेस एलएलपी से इस ट्रक का फिटनेस प्रमाणपत्र जारी हो चुका था। दोनों शहरों के बीच करीब 600 किलोमीटर की दूरी है। ग्वालियर के वेदांती सेंटर में जनवरी 2026 में भी एक ही चेसिस नंबर पर कई वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की अनियमितता सामने आई थी।
मशीनों से जांच के बाद ही मिलना है प्रमाणपत्र
केंद्र सरकार ने एक अप्रैल 2025 से परिवहन वाहनों की फिटनेस जांच पंजीकृत आटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों से कराना अनिवार्य किया है। पहले यह जांच आरटीओ कार्यालयों में होती थी। नई व्यवस्था में मशीनों से ब्रेक, टायर, लाइट और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किया जाना है। ऐसे में बिना वाहन की मौजूदगी के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी होने के आरोप व्यवस्था की निगरानी और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
फिटनेस सेंटरों की जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर पांच को निलंबित किया गया है और नौ सेंटरों के संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। अभी कई आरटीओ अधिकारियों की रिपोर्ट आना बाकी है। लगातार निगरानी कराई जा रही है। - उमेश जोगा, युक्त, परिवहन विभाग, मप्र