ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा...मजिस्ट्रियल जांच शुरू, ADM ने घटनास्थल का किया मुआयना
एडीएम सीबी प्रसाद ने जहां हादसा हुआ वह स्पॉट बारीकी से देखा और जिस ओर से ट्रक ढ़लान पर आया था उस मार्ग पर भी जायजा लिया।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 08:55:04 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 09:42:10 PM (IST)
घटना स्थल का फाइल फोटो।HighLights
- एडीएम ने परखा ट्रक आने का रूट
- 26 से 28 अक्टूबर तक दर्ज होंगे साक्ष्य
- पुलिस रिकॉर्ड मिलने का इंतजार
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के तहत एडीएम सीबी प्रसाद ने शुक्रवार को मौका मुआयना किया। जहां हादसा हुआ वह स्पॉट बारीकी से देखा और जिस ओर से ट्रक ढ़लान पर आया था उस मार्ग पर भी जायजा लिया। इसके अलावा मंदिर और आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर भी पड़ताल की। वहीं पुलिस रिकार्ड का इंतजार है जो अभी प्रशासन को नहीं मिला है।
यह रिकार्ड जांच में महत्वपूर्ण
प्रशासन के अनुसार यह रिकार्ड जांच में महत्वपूर्ण है। 26 अक्टूबर से तीन दिन तक लोगों से साक्ष्य व जानकारी मांगी गई है जिसमें प्रशासन संबंधित एजेंसियों के लोगों को भी जानकारी देने के लिए बुला सकता है।
जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद कर रहे हैं जांच
बता दें, कि ग्वालियर में विगत 18 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर ट्रक दुर्घटना के कारण हुई जनहानि के कारणों की जाच के लिये कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी द्वारा जांच प्रारंभ कर दी गई है।
जांच अधिकारी सीबी प्रसाद ने उपरोक्त घटना के संबंध में कहा है कि कोई भी स्वतंत्र व निष्पक्ष व्यक्ति जिसका प्रकरण में प्रत्यक्ष रूप से हित निहित न हो, साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता हो, वह दिनांक 26, 27 व 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अपर जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में कक्ष क्रमांक-201 में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
इस हादसे में 16 लोगों की मौत हुई थी और घायलों का इलाज जारी है।