शीतला माता मंदिर हादसा मामले में मजिस्ट्रियल जांच तेज, सोमवार से तीन दिन आम लोग दे सकेंगे साक्ष्य
इस मामले में हादसे का फुटेज पुलिस की ओर से पेन ड्राइव के रूप में प्रशासन को मिल गया है। तीन दिन जो साक्ष्य व जानकारी के लिए तय किए गए हैं इसमें प्रशासन को महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की भी संभावना है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 09:58:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 09:58:47 PM (IST)
वह स्थान जहां हादसा हुआ था। फाइल फोटोHighLights
- पुलिस से मिला घटना का सीसीटीवी फुटेज
- एडीएम कोर्ट में दर्ज होंगे बयान
- मैकेनिकल जांच में ब्रेक फेल होने का अंदेशा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शीतला माता मंदिर पर हुए भीषण हादसे को लेकर पुलिस से रिकॉर्ड आने के बाद अब जांच आगे बढ़ी है। सोमवार से तीन दिन तक कोई भी इस मामले में साक्ष्य या जानकारी प्रस्तुत कर सकते हैं। इस प्रक्रिया के बाद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान होंगे जो इस घटनाक्रम से जुड़े हुए हैं। जिन पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी थी उन्हें एडीएम कार्यालय बुलवाया जाएगा।
वहीं इस मामले में हादसे का फुटेज पुलिस की ओर से पेन ड्राइव के रूप में प्रशासन को मिल गया है। तीन दिन जो साक्ष्य व जानकारी के लिए तय किए गए हैं इसमें प्रशासन को महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की भी संभावना है।
जांच अधिकारी द्वारा जांच हो गई है शुरू
बता दें, कि ग्वालियर में विगत 18 अक्टूबर की रात शीतला माता मंदिर के मुख्य द्वार पर ट्रक दुर्घटना के कारण हुई जनहानि के कारणों की जांच के लिए कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जांच अधिकारी द्वारा जांच प्रारंभ कर दी गई है। जांच अधिकारी सीबी प्रसाद ने उपरोक्त घटना के संबंध में कहा है कि कोई भी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष व्यक्ति जिसका प्रकरण में प्रत्यक्ष रूप से हित निहित न हो, साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता हो, वह दिनांक 26, 27 व 28 अक्टूबर को दोपहर 12 से शाम चार बजे तक अपर जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में कक्ष क्रमांक-201 में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
एडीएम ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया
इस हादसे में 16 लोगों की मौत हुई थी और घायलों का इलाज जारी है। वहीं इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के तहत एडीएम सीबी प्रसाद ने शुक्रवार को मौका मुआयना किया। मौके पर जाकर जहां हादसा हुआ वह स्पॉट बारीकी से देखा और जिस ओर से ट्रक ढलान पर आया था उस मार्ग पर भी जायजा लिया। इसके अलावा मंदिर और आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर भी पड़ताल की।
परिवहन: मैकेनिकल जांच रिपोर्ट में प्रेशर ब्रेक में गड़बड़
इस मामले में ट्रक की मैकेनिकल जांच परिवहन विभाग की ओर से कराई जा रही है। इसमें आटोमैटिक फिटनेस सेंटर के एक्सपर्टों को शामिल किया गया है। इस मामले में एक रिपोर्ट तैयार हो चुकी है जिसमें ट्रक के प्रेशर ब्रेक खराब होने का अंदेशा जताया जा रहा है, लेकिन अभी स्पष्ट रिपोर्ट आना बाकी है।
पुलिस से रिकॉर्ड आ चुका है जिसकी जांच कर रहे हैं सभी जानकारियां हैं या नहीं इसकी पुष्टि की जा रही है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस से प्राप्त हुए हैं। सोमवार से तीन दिन तक लोगों से साक्ष्य व जानकारी ली जाएगी। पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के आगे बयान भी दर्ज होंगे। - सीबी प्रसाद, एडीएम ग्वालियर