
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के संस्थापक महानआर्यमन सिंधिया ने ग्वालियर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विशेष उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों, खेल में योगदान और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्रिकेट किट, आर्थिक सहायता, इलेक्ट्रिक स्कूटर एवं इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की गई। महान आर्यमन कार्यक्रम में वर्जुअल शामिल हुए।
ग्वालियर के कैप्टन रुपसिंह स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कुल आठ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें मध्य प्रदेश की अंडर-19 टीम के खिलाड़ी, रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी एवं दिव्यांग क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी शामिल रहे।
कार्यक्रम में ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (GDCA) के अध्यक्ष संग्राम कदम, सचिव विजय प्रकाश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रशांत मेहता की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों ने मिले उपहारों के लिए MPCA अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया का आभार व्यक्त किया।
महानआर्यमन सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के खिलाड़ियों में भारत और विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। MPCA अपने हर खिलाड़ी के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहा है और आगे भी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, सहयोग एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान देना ही उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
महानआर्यमन सिंधिया की इस पहल से खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। दीपावली के अवसर पर मिला यह सहयोग खिलाड़ियों के लिए केवल उपहार नहीं, बल्कि उनके खेल सफर में आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण प्रोत्साहन भी है।