कार्बाइड गन से वीडियो बनाना महिला कांस्टेबल को पड़ा भारी, एसपी ने किया सस्पेंड
मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 09:14:04 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 09:14:34 AM (IST)
एआई से बनी इमेज।HighLights
- इंस्टाग्राम रील बनाना पड़ा महंगा
- प्रतिबंधित कार्बाइड गन का किया इस्तेमाल
- एसपी ने की त्वरित और सख्त कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश शासन के सख्त प्रतिबंधों को ताक पर रखकर इंटरनेट मीडिया पर रील्स बनाना एक महिला आरक्षक को भारी पड़ गया है। कोतवाली थाने में पदस्थ महिला आरक्षक कुमकुम दुबे द्वारा प्रतिबंधित कार्बाइड गन चलाते हुए अपना वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करना अनुशासनहीनता साबित हुआ।
मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रतिबंधित कार्बाइड गन का किया इस्तेमाल
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य में 'कार्बाइड गन' (विस्फोटक आवाज या रोशनी करने वाली प्रतिबंधित गन) के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। इसके बावजूद कोतवाली थाने में पदस्थ महिला आरक्षक कुमकुम दुबे ने नियमों का उल्लंघन किया। उन्होंने न केवल कार्बाइड गन का इस्तेमाल किया, बल्कि इसका वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर कर दिया।
एसपी के पास पहुंचा वीडियो, तुरंत हुई कार्रवाई
यह वीडियो जब प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे बेहद गंभीरता से लिया। पुलिस विभाग के एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए कानून और प्रशासनिक आदेशों की इस तरह की अवहेलना को अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने महिला आरक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।