KRH में पत्नी पर हमला करने वाला पति गिरफ्तार: बोला- 'चाकू नहीं मारा, गुस्से में नोचा था', जुड़वां बेटियों का दावा भी निकला गलत
पति बोला- पिछले दो दिनों से वह बच्चों को लेकर परेशान था। एक साथ जुड़वां बच्चे हो गए, जिसमें एक बेटा और एक बेटी शामिल है।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 10:10:07 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 10:10:53 PM (IST)
पति की गुस्से का शिकार बनी पत्नी अपने नवजात के साथ। नईदुनियाHighLights
- बच्चों की देखरेख को लेकर हुआ विवाद
- एक बेटा और एक बेटी को दिया जन्म
- आरोपी गिरफ्तार, कंपू थाने में मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कमलाराजा अस्पताल के गायनिक वार्ड में बुधवार को अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले उदयभान सिंह पुत्र बदन सिंह राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जब उसे पकड़ा तो बोला- पिछले दो दिनों से वह बच्चों को लेकर परेशान था। एक साथ जुड़वां बच्चे हो गए, जिसमें एक बेटा और एक बेटी शामिल है। समय से पूर्व डिलीवरी होने से तबियत खराब थी। वह परेशान हो गया, जिसके चलते पत्नी से झगड़ा हो गया।
गुस्से में पत्नी को नोंच लिया, जिससे उसके गाल में गंभीर चोट आ गई। चाकू से हमला करने से उसने इंकार किया है।
महिला ने जुड़वां बच्चों को दिया जन्म
गोसपुरा नंबर-एक में रहने वाली पूजा पत्नी उदयभान को मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इसमें एक बेटा, एक बेटी है। पूजा पर उदयभान ने बुधवार को हमला कर दिया, जिससे उसके गाल में गंभीर चोट आ गई।
इस मामले में स्वजन ने कंपू थाने में शिकायत की। पुलिस ने एफआइआर दर्ज की। आरोपित उदयभान को पकड़ लिया, जब उससे पूछताछ की तो बोला कि जुड़वा बच्चे साढ़े सात माह में ही हो गए।
इसके चलते बच्चों को अलग रखा गया। इसी दौरान बच्चों की देखरेख को लेकर पत्नी से मुंहवाद हो गया। उसने पत्नी पर हमला कर दिया।
बेटी के जन्म पर अस्पताल से चला गया, लौटकर पत्नी पर हमला
उदयभान के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि बेटी के जन्म पर अस्पताल से चला गया था। लौटकर झगड़ा करने लगा, फिर उसने हमला कर दिया।
जुड़वां बेटियों की कहानी गलत निकली
बीते रोज जुड़वां बेटियों का जन्म होने पर पति द्वारा हमले की कहानी बताई गई थी, लेकिन यह मामला गलत निकला। पूजा ने एक बेटा, एक बेटी को जन्म दिया है।
केआरएच में पत्नी पर हमला करने वाले को पकड़ लिया है। महिला ने एक बेटा, एक बेटी को जन्म दिया था। -अमर सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी, कंपू्