मानपुर फेस-1 मल्टी पर 38 लाख रुपये का जलकर बकाया, कटेगा पानी का कनेक्शन
मानपुर में नगर निगम की टीम ने लाउडस्पीकर से मुनादी करवाकर बकाएदारों को समय पर टैक्स जमा करने की अंतिम चेतावनी दी।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 09:13:14 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 09:13:32 AM (IST)
HighLights
- 38 लाख बकाया पर नगर निगम सख्त
- मुनादी करवाकर दी अंतिम चेतावनी
- 28 अक्टूबर से बंद होगी जल आपूर्ति
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर ने बकाएदारों से जलकर की वसूली के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है।
शहर में बड़े बकाएदारों से राजस्व वसूलने के लिए जहां एक ओर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं और डोर-टू-डोर संपर्क किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
रविवार को वार्ड क्रमांक पांच स्थित मानपुर में नगर निगम की टीम ने लाउडस्पीकर से मुनादी करवाकर बकाएदारों को समय पर टैक्स जमा करने की अंतिम चेतावनी दी।
38 लाख रुपये का है बकाया, निगम ने खींची लक्ष्मण रेख
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशों के परिपालन में चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए कार्यपालन यंत्री रामसेवक शाक्य ने बताया कि मानपुर फेस-1 मल्टी पर जलकर की 38 लाख की राशि बकाया है। नगर निगम द्वारा संबंधित उपभोक्ताओं को 27 अक्टूबर तक बकाया राशि जमा करने की मोहलत दी।
28 अक्टूबर से बंद होगी जल आपूर्ति
कार्यपालन यंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि तय सीमा 27 अक्टूबर तक बकाया जलकर जमा नहीं किया गया, तो 28 अक्टूबर से मानपुर फेस-1 मल्टी का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा और जलप्रदाय पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।