दिल्ली में जाम के कारण रेल यातायात प्रभावित: ग्वालियर से गुजरने वाली 8 से ज्यादा ट्रेनें निरस्त, राजधानी और शान-ए-भोपाल भी कैंसिल
प्रभावित ट्रेनों में राजधानी, शान-ए-भोपाल, महाकौशल और मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं। इससे दिल्ली जाने और वहां से ग्वालियर लौटने वाले ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 08:57:50 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 08:58:16 PM (IST)
HighLights
- विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली में यातायात जाम का संकट
- जबलपुर और भोपाल रूट की प्रमुख ट्रेनें प्रभावित
- एनटीईएस ऐप और 139 पर स्थिति जांचने की सलाह
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और यातायात दबाव की आशंका के चलते रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इसके चलते 10 से 11 अक्टूबर के बीच ग्वालियर होकर गुजरने वाली आठ से अधिक ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
प्रभावित ट्रेनों में राजधानी, शान-ए-भोपाल, महाकौशल और मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं। इससे दिल्ली जाने और वहां से ग्वालियर लौटने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
रेलवे की यातायात सलाह के अनुसार, 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी भीड़ और सड़क जाम की आशंका है। इसे देखते हुए कई ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से ही निरस्त किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
वापसी में भी नहीं चलेंगी पेयरिंग ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, शुक्रवार को जबलपुर से दिल्ली रवाना हुईं तीन प्रमुख ट्रेनों के रद्द होने का असर अगले दिन की वापसी सेवाओं पर भी पड़ेगा। गाड़ी संख्या 22181 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन निरस्त रहने के कारण 22182 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर 10 अक्टूबर को नहीं चलेगी। इसी तरह, 12189 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन महाकौशल एक्सप्रेस के रद होने से 12190 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर का संचालन भी प्रभावित रहेगा। वहीं, 12121 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति निरस्त होने के कारण 12122 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर भी 10 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
इन ट्रेनों का संचालन भी रहेगा बंद
- रेलवे की सूची में 10 अक्टूबर को निरस्त रहने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनों में शामिल हैं-
- 12156 हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस।
- 12448 हजरत निजामुद्दीन-मानिकपुर उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस।
- 12248 हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस।
- 22222 हजरत निजामुद्दीन-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस राजधानी एक्सप्रेस।
- वहीं, गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस शुक्रवार को भी निरस्त रही।
यात्रा से पहले पता कर लें ट्रेन का हाल
ट्रेनों का संचालन रद्द होने से दिल्ली जाने वाले उन यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिन्हें परीक्षा देने, नौकरी या अन्य जरूरी काम से पहुंचना है। पहले से आरक्षण कराने वाले यात्रियों को अब यात्रा के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप या आधिकारिक सूचना माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है।