दिसंबर में ग्वालियर से गुजरने वाली कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, कर्नाटक और गोवा एक्सप्रेस होंगी लेट
कुछ ट्रेनों को रास्ते में 30 मिनट से लेकर तीन घंटे 40 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 12:11:48 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 12:12:11 PM (IST)
HighLights
- पुणे मंडल में यार्ड री-मॉडलिंग का असर
- रास्ते में 3-4 घंटे तक रोकी जाएंगी ट्रेनें
- कई ट्रेनों के बदले गए रूट और समय
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दिसंबर में दक्षिण और पश्चिम भारत से ग्वालियर आने-जाने वाले रेल यात्रियों को ट्रेनों की अद्यतन स्थिति देखकर सफर करना होगा। मध्य रेल के पुणे मंडल में येवला यार्ड के री-माडलिंग कार्य के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इनमें ग्वालियर से गुजरने वाली कर्नाटक एक्सप्रेस और गोवा एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनें भी शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को रास्ते में 30 मिनट से लेकर तीन घंटे 40 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।
18 दिसंबर को कर्नाटक एक्सप्रेस 45 मिनट रूकेगी
रेलवे की सूचना के अनुसार, 12627 कर्नाटक एक्सप्रेस को 15, 17, 29 नवंबर और एक, छह, आठ व 20 दिसंबर को दो घंटे 10 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। 18 दिसंबर को इसके नियंत्रण की अवधि 45 मिनट रहेगी। इसकी वापसी दिशा की 12628 कर्नाटक एक्सप्रेस 21 दिसंबर को दो घंटे 30 मिनट नियंत्रित रहेगी। 12779 गोवा एक्सप्रेस को 16, 18, 23, 27, 28 और 30 नवंबर सहित दिसंबर की कई तारीखों पर 30 से 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
वहीं, 17363 हुब्बल्लि–योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 21 दिसंबर को बदले मार्ग से चलेगी। 20657 हुब्बल्लि–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को 18 दिसंबर को 30 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। 12629 यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस भी 17 नवंबर तथा एक और आठ दिसंबर को दो घंटे नियंत्रित रहेगी।
इन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन पुणे मंडल करेगा
इसके अलावा 18 दिसंबर को 17323 हुब्बल्लि–बनारस एक्सप्रेस और 21 दिसंबर को 12627 कर्नाटक एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेंगी। इन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन पुणे मंडल के हिस्से में है। रेलवे की ओर से ग्वालियर में ठहराव रद्द किए जाने की सूचना नहीं दी गई है, लेकिन नियंत्रित संचालन के कारण इनके पहुंचने के समय पर असर पड़ सकता है।