ग्वालियर में अवंतिका गैस परिसर पर मॉक ड्रिल, धमाके और आग के बीच चंद मिनटों में सक्रिय हुआ आपदा प्रबंधन तंत्र
संदिग्ध बम की तलाश कर निष्क्रिय करने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आग बुझाने तक राहत एवं बचाव की पूरी कवायद एक साथ चली।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 08:37:43 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 08:38:15 AM (IST)
मॉक ड्रिल के दौरान गैस रिसाव से बेहोश कर्मचारी और घायलों का रेस्क्यू करते एसडीआरएफ जवान। नईदुनियाHighLights
- बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध बम निष्क्रिय किया
- राहत, बचाव और आग बुझाने का संयुक्त अभ्यास
- शर्मा फार्म क्षेत्र में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अवंतिका गैस परिसर पर अचानक एयर स्ट्राइक, जोरदार बम धमाका, सीएनजी गैस से भरे वाहन में आग, घायल कर्मचारी, ब्लैक आउट और गूंजता डिजास्टर सायरन...। चंद मिनटों में बम निरोधक दस्ता, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन दल मोर्चे पर पहुंच गए।
संदिग्ध बम की तलाश कर निष्क्रिय करने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आग बुझाने तक राहत एवं बचाव की पूरी कवायद एक साथ चली। यह दृश्य है बुधवार शाम सात बजे जिला प्रशासन द्वारा पुलिस, नगर निगम, राज्य आपदा प्रबंधन दल एवं गैस एजेंसी के सहयोग से आयोजित मॉक ड्रिल का।
आग बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मचारी। नईदुनिया सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की ली तलाशी
गृह मंत्रालय के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा एवं नागरिक सुरक्षा तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभिन्न बचाव एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता और आपसी समन्वय को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान अवंतिक गैस परिसर में सबसे पहले बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। एक संदिग्ध बम बरामद हुआ, जिसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। राज्य आपदा प्रबंधन दल के सहयोग से जिला प्रशासन की मेडिकल टीम ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। वहीं नगर निगम के अग्निशमन दस्ते और राज्य आपदा प्रबंधन दल ने संयुक्त रूप से आग बुझाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
प्रतीकात्मक ब्लैक आउट कराया
मॉक ड्रिल के दौरान शर्मा फार्म क्षेत्र की बस्तियों में प्रतीकात्मक ब्लैक आउट भी कराया गया। इसके माध्यम से आपात स्थिति में चेतावनी तंत्र सक्रिय करने, राहत एवं बचाव दलों की त्वरित तैनाती तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल की प्रक्रिया को परखा गया।
इस दौरान अपर जिला दंडाधिकारी सीबी प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक डॉक्टर शिवेष सिंह बघेल, एसडीएम प्रदीप कुमार शर्मा, सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार व विजय भदौरिया, कमांडेन्ट एसडीआरएफ आरडी सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर, गैस कम्पनी के अधिकारी सीवी झा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण उपाध्याय व अवंतिका गैस एजेंसी के अधिकारी अंकेश गर्ग सहित प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन एवं गेल कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।