ग्वालियर GRMC में मेडिकल छात्रा से सहपाठी ने वाशरूम में की गंदी हरकत, विरोध करने पर की मारपीट
इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी छात्र पर छेड़छाड़ व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 10:06:56 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 10:07:20 AM (IST)
आरोपी नीतेश कुमार उर्फ सिद्धार्थ कुशवाह का फाइल फोटो।HighLights
- गर्ल्स वाशरूम में खींचकर की अश्लील हरकत
- विरोध करने पर पीटा, जान से मारने की धमकी
- झांसी रोड थाने में एससी-एसटी एक्ट दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गजरा राजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। कॉलेज में पढ़ने वाली मेडिकल छात्रा के साथ तीन दिन पहले सहपाठी ने ही अश्लील छेड़छाड़ की। इतना ही नहीं विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपित छात्र पर छेड़छाड़ व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
छात्रा ने वर्ष 2025 में जीआरएमसी में लिया था प्रवेश
छात्रा ने वर्ष 2025 में जीआरएमसी में प्रवेश लिया था। वह एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा है। इसी दौरान उसकी पहचान बैच के छात्र नितेश कुमार उर्फ सिद्धार्थ कुशवाह से हो गई। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत थी, लेकिन कुछ समय बाद नितेश ने प्रेम प्रस्ताव रखा। छात्रा द्वारा इसे केवल दोस्ती तक सीमित रखने और बातचीत कम करने पर उसने उसे परेशान करना शुरू कर दिया।
बदनाम करने देता था धमकी नितेश
नितेश लगातार उसका पीछा करता, रास्ता रोकता और स्वजन व सहपाठियों के सामने बदनाम करने की धमकी देता था। छात्रा ने इस बात की शिकायत कालेज के शिक्षकों से भी की थी, लेकिन वह नहीं सुधरा। इसके बाद भी लगातार पीछा कर रहा था।
आरोपी छात्रा को खींचकर जीआरएमसी कॉलेज के गर्ल्स वाशरूम में ले गया
28 अक्टूबर की सुबह करीब 10.30 बजे छात्रा हजार बिस्तर अस्पताल परिसर में मौजूद थी। आरोपी वहां पहुंचा, उसकी गाड़ी की चाबी छीनी और जबरन अपने साथ चलने का दबाव बनाया। वह उसे खींचकर जीआरएमसी कॉलेज के गर्ल्स वाशरूम में ले गया। वाशरूम का दरवाजा अंदर से बंद किया और अश्लील हरकत करना शुरू कर दी।
विरोध किया तो आरोपी ने की मारपीट
जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। छात्रा ने अपने स्वजन को पूरी घटना बताई, फिर स्वजन के साथ झांसी रोड थाने पहुंची ओर एफआईआर दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि युवक से उसकी केवल दोस्ती है, लेकिन कुछ समय बाद ही उसने प्रेम प्रस्ताव दे दिया जिसके बाद रोजाना बातचीत करने के लिए दबाव डालने लगा। मना करने पर उसे परेशान करने लगा।
जीआरएमसी की छात्रा के साथ कॉलेज के ही वाशरूम में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सहपाठी द्वारा यह हरकत की गई। छात्रा के साथ मारपीट भी की है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। - सुरभि शर्मा, थाना प्रभारी, झांसी रोड