ग्वालियर से लापता युवक असम में मिला, बोला- पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर बनाया था आत्महत्या का बहाना
19 महीने पहले लापता सोमेश राजपूत को पुलिस ने ढूंढ निकाला। पत्नी ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगाई थी। पुलिस ने मोबाइल के सुराग से उसे कामाख्या रेलवे स्टेशन से पकड़ा। उसने बताया कि पत्नी से झगड़े के कारण वह घर छोड़कर चला गया था।
Publish Date: Fri, 07 Mar 2025 04:52:47 PM (IST)
Updated Date: Sat, 08 Mar 2025 12:05:56 AM (IST)
ग्वालियर से भागे सोमेश राजपूत का फाइल फोटो।HighLights
- मोबाइल चालू होते ही पुलिस को सुराग मिला।
- सोमेश कामाख्या रेलवे स्टेशन पर काम कर रहा था।
- पुलिस ने दिल्ली से फ्लाइट लेकर उसे पकड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गोला का मंदिर इलाके से 19 माह पहले लापता हुए सोमेश राजपूत को पुलिस ने ढूंढ निकाला। उसे परिजन तो मरा समझ रहे थे, लेकिन पत्नी को पता था कि वह जीवित है। इतना ही नहीं वह अपनी महिला मित्र से भी संपर्क में है।
उसकी पत्नी ने कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगाई। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। एक माह पहले उसका मोबाइल चालू हुआ। यहां से पुलिस को सुराग मिला। पुलिस उसे ढूंढते हुए कामाख्या रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वह यहां नौकरी कर रहा था।
दोस्त को मैसेज कर दी आत्महत्या करने की खबर
- ग्वालियर लाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि पत्नी से झगड़ा होता था, इसलिए वह छोड़कर चला गया था। वह 18 अगस्त 2023 से लापता था। उस दिन वह अपने एक दोस्त को वाट्सएप पर मैसेज कर गायब हुआ था कि चंबल नदी में कूदकर आत्महत्या करने जा रहा है। उसकी एक्टिवा चंबल पुल पर ही मिलेगी।
- यहां गोला का मंदिर पुलिस पहुंची थी, लेकिन उसकी गाड़ी नहीं मिली थी। फिर लाश की भी तलाश की गई, लेकिन नहीं मिली। उसकी पत्नी ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगाई। 11-12 फरवरी की रात कुछ समय के लिए सोमेश का मोबाइल चालू हुआ। बस यहीं से पुलिस को सुराग मिला।
कामाख्या रेलवे स्टेशन से पकड़ा
पुलिस भिंड के एक युवक तक पहुंची। उस युवक से पूछताछ करने पर पता लगा कि सोमेश कामाख्या रेलवे स्टेशन पर नौकरी कर रहा है। दिल्ली से फ्लाइट से पुलिस गोवाहाटी पहुंची। फिर कामाख्या रेलवे स्टेशन से उसे पकड़ लिया।