ग्वालियर पहुंचे बिट्टा ने आतंकवाद पर मोदी सरकार की नीति को सराहा, कहा-मेरे लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है
बिट्टा ग्वालियर दंदरौआ धाम जाने के लिए आए थे। यहां चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 08:20:51 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 08:21:12 AM (IST)
अभा आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एमएस बिट्टा का फाइल फोटो।HighLights
- देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
- दंदरौआ धाम दर्शन के लिए पहुंचे ग्वालियर
- राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर सोचें लोग
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एमएस बिट्टा गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे।
दंरौआ धाम जाने के लिए आए थे बिट्टा
वे यहां दंदरौआ धाम जाने के लिए आए थे। यहां चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से कोई लेना-देना नहीं है। उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की नीति को मजबूत बताया। बिट्टा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में आतंकवाद के कई भयावह दौर देखे हैं। मुंबई, जयपुर और संसद पर हमले, ट्रेनों में बम धमाके और दिवाली के दौरान हुए विस्फोटों ने देश को दहशत में रखा। एक राजनीतिक दल पर तंज कसते हुए बिट्टा ने उसे ‘काकरोच जनता पार्टी’ कहा।
राजनीतिक दल और सरकारें आती-जाती रहेंगी
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल और सरकारें आती-जाती रहेंगी, कोई मंत्री बनेगा तो कोई मुख्यमंत्री, लेकिन राष्ट्र हमेशा रहना चाहिए। लोगों को राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में सोचना चाहिए। ग्वालियर की सुरक्षा व्यवस्था को उन्होंने बेहतर बताया और दूसरे राज्यों को सीखने की बात भी कही।