नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर पर लगातार दूसरे दिन भी मानसून मेहरबान रहा। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात से शुरू हुआ वर्षा का दौर गुरुवार को भी दिन में रुक-रुककर जारी रहा। सुबह के समय बूंदाबांदी होती रही, लेकिन दोपहर में लगभग एक घंटे तक तेज वर्षा हुई। 24 घंटों के दौरान 1.77 इंच वर्षा दर्ज की गई। इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस से दूसरे दिन भी राहत मिली। अधिकतम तापमान भी पिछले दिन के मुकाबले स्थिर रहा। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 3.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी गरज-चमक के साथ भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
सीजन में अब तक हुई 529.3 मिमी बारिश
शहर में कई दिनों के ब्रेक के बाद मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात से वर्षा का दौर शुरू हुआ है। बुधवार को भी दिनभर में लगभग दो इंच वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार गुरुवार को भी 1.77 मिमी वर्षा दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सीजन में गुरुवार तक 529.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जो सामान्य से 5.3 डिसे कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.2 डिसे की गिरावट के साथ 25.2 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.0 डिसे कम है।
दोपहर में तेज वर्षा के बीच छाता लगाकर निकलतीं महिलाएं l नईदुनिया
भारी वर्षा का यलो अलर्ट घोषित
सुबह के समय हवा में नमी 100 प्रतिशत और शाम को 98 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ अब अमृतसर, अंबाला, मुजफ्फरनगर, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में बने कम दबाव के केंद्र से रांची, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में चक्रवाती घेरे बने हुए हैं। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान भी शहर में भारी वर्षा का यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
तिघरा का जलस्तर 727 65 फीट पर पहुंचा
शहर में अच्छी वर्षा भले ही हो रही है, लेकिन घाटीगांव स्थित कैचमेंट में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण तिघरा बांध में उतना पानी नहीं बढ़ पा रहा है। हालांकि फिर भी राहत भरी खबर यह है कि तिघरा का जलस्तर इस समय 727.65 फीट पर पहुंच गया है, जो कुछ दिन पहले तक 726 फीट तक था। हालांकि तिघरा में वर्तमान में पेहसारी से भी पानी पहुंच रहा है, लेकिन बुधवार के मुकाबले गुरुवार को तिघरा में छह दिन का पानी बढ़ गया। तिघरा में गत बुधवार को 1796.31 एमसीएफटी पानी था, जो गुरुवार को बढ़कर 1852.15 एमसीएफटी पर पहुंच गया। वर्तमान में तिघरा से नगर निगम द्वारा 8.92 यानी लगभग नौ एमसीएफटी पानी शहर में सप्लाई के लिए लिया जा रहा है।
राखियां खरीदतीं महिलाएं। नईदुनिया
रक्षाबंधन के बाजार पर वर्षा का असर नहीं
लगातार वर्षा ने गर्मी से राहत दिलाई है तो वहीं रक्षाबंधन के त्यौहार पर बाजारों में इसका खास असर नहीं है। वर्षा के कारण् बाजारों में सुस्त ट्रैफिक से लोग व खरीदार जरूर थोड़े परेशान दिखे लेकिन मुख्य बाजारों में मिठाइयों से लेकर अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों पर चहल पहल खूब रही।
लगातार वर्षा तो फसलों को नुकसान
वर्षा के कारण फिलहाल तो फसलों को कोई नुकसान नहीं है लेकिन यही वर्षा लगातार जारी रही तो परेशानी खड़ी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार ग्वालियर में धान की खेती को लेकर यह वर्षा ठीक है, यहां डबरा भितरवार बेल्ट में धान अधिक होती है। वहीं बाजरा में अभी बाल नहीं आया है इसलिए ज्यादा परेशानी की बात नहीं है।
दोपहर में तेज वर्षा के बाद रेलवे स्टेशन बजरिया पर सड़क पर भरा पानी, जिससे लोगों को निकलने में परेशानी हुईl नईदुनिया
कई जगह हुआ जलजमाव, पेड़ भी गिरे
वर्षा के चलते शहर में कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या भी देखने को मिली। राजमाता चौराहा, एजी पुल के पास, फूलबाग क्षेत्र, मोती मस्जिद रोड, स्टेशन बजरिया चौराहा, सिंधिया कन्या विद्यालय के पास, गरम सड़क मुरार, सूर्य मंदिर रोड, नरसिंह नगर, कृष्णा नगर, माधव नगर सहित कई इलाकों में सड़कों पर जलजमाव हो गया, जिसके चलते लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसके अलावा वर्षा के चलते कई स्थानों पर पेड़ भी धराशायी हो गए। इसमें महलगांव क्षेत्र के अलावा सचिन तेंदुलकर मार्ग पर एक पेड़ की मोटी टहनियां टूटकर सड़क पर आ गिरीं।
573.8 मिमी औसत वर्षा जिले में अब तक
गुरुवार को सुबह आठ बजे तक जिले में 573.8 मिमी मीटर औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है। पिछले साल इस अवधि में लगभग 1079.7 मिमी वर्षा हुई थी। इस प्रकार पिछले साल से 505.9 मिमी कम वर्षा हुई है। ज्ञात हो जिले की सामान्य औसत वर्षा 751.2 मिमी. है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस साल मानसून में सबसे अधिक 726.1 मिमी वर्षा डबरा में और सबसे कम 438.1 मिमी मीटर वर्षा चीनौर तहसील में रिकार्ड की गई है।