ग्वालियर में सुबह की नमी 86% पहुंची, रात में 12 डिग्री से नीचे तापमान; बढ़ने लगी ठिठुरन
सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 11:18:09 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 11:18:56 AM (IST)
धूप से बचने के लिए कपड़े से चेहरा ढंक कर जाती युवतियां।HighLights
- न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री, दिन में धूप से राहत
- हवा में बढ़ती आर्द्रता से सुबह ज्यादा ठंड का अहसास
- सुबह-शाम गर्म कपड़ों की पड़ने लगी जरूरत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सर्दी का असर अब रात और सुबह के समय ज्यादा महसूस होने लगा है। सुबह हवा में नमी बढ़कर 86 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि रात का तापमान 12 डिग्री से नीचे बना हुआ है। नमी और गिरते तापमान के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। हालांकि दिन में धूप निकलने से राहत बनी हुई है, लेकिन शाम ढलते ही मौसम फिर सर्द होने लगता है।
तापमान में मामूली बढ़त के बावजूद ठंड का असर बरकरार
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री था, जो गुरुवार को गिरकर 11.5 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को इसमें मामूली बढ़ोतरी हुई, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहा। तीन दिनों से अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
सुबह नमी बढ़ने से ठंड का अहसास ज्यादा
सुबह की आर्द्रता बुधवार को 82 प्रतिशत थी, जो गुरुवार को 84 और शुक्रवार को 86 प्रतिशत पहुंच गई। हवा में नमी बढ़ने से सुबह के समय ठंड अधिक महसूस हो रही है। सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है। वहीं दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ता है और मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहता है। रात में तापमान कम होने और सुबह नमी अधिक रहने से मौसम में ठंडक बनी हुई है।