
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर में दीपावली की आतिशबाजी और सड़कों पर उड़ती धूल ने हवा में प्रदूषण बढ़ा दिया है। प्रदेश में सबसे खराब स्थिति ग्वालियर की दर्ज की गई है। 8 नवंबर सुबह 7 बजे से 9 नवंबर सुबह 7 बजे के बीच ग्वालियर मध्यप्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा।
शहर के दीनदयाल नगर (डीडी नगर) पॉइंट पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 396 तक पहुंच गया। वहीं, महाराज बाड़ा और सिटी सेंटर में भी AQI 373 दर्ज किया गया। शहर में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के चलते फूलबाग स्थित एयर पॉल्यूशन मीटर फिलहाल बंद है, जिससे वहां के आंकड़े सामने नहीं आ सके।
प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख शहरों में हवा की सेहत बिगड़ चुकी है। हवा की गुणवत्ता का दायरा 'खराब' (Poor) से 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में बना हुआ है। ग्वालियर (डीडी नगर) 396, ग्वालियर (महाराज बाड़ा और सिटी सेंटर) 373, भोपाल (टीटी नगर) 377, इंदौर (छोटी ग्वालटोली) 369, जबलपुर मरहातल 350 और उज्जैन रीजनल ऑफिस 320 AQI दर्ज किया गया। सभी शहर वेरी पुअर कैटेगरी में हैं।
ग्वालियर में बारीक (PM 2.5) और मोटे (PM 10), दोनों तरह के धूल कणों का प्रदूषण बढ़ा है। दीनदयाल नगर और सिटी सेंटर में हवा को जहरीला बनाने में PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। बारीक कणों के मामले में डीडी नगर सबसे आगे रहा। वहीं महाराज बाड़ा क्षेत्र में PM 10 का स्तर सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। यहां सड़कों पर उड़ती धूल और ट्रैफिक के चलते मोटे धूल कणों की मात्रा अधिक पाई गई।
ग्वालियर में इन दिनों कई जगह सड़कें उखड़ी पड़ी हैं और लगातार धूल उड़ रही है। कहीं एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है, तो कहीं झांसी रोड, सचिन तेंदुलकर मार्ग और डीडी नगर में सड़कें उखड़ी हुई हैं। ऐसे में दीपावली के दौरान ट्रैफिक के कारण भी धूल हवा में घुलती रही। इसके अलावा रातभर आतिशबाजी का दौर चला। इन कारणों से शहर की हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई और ग्वालियर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया।